Independence Day 2021: युवाओं ने निकाली 328 फुट की तिरंगा यात्रा

स्वतंत्रता दिवस पर रविवार को जनपद में सुबह से ही आजादी का उत्साह हिलोरे लेता रहा।

Published By :  Raghvendra Prasad Mishra
Update: 2021-08-15 12:59 GMT

तिरंगा यात्रा में शामिल लोग

Independence Day 2021: स्वतंत्रता दिवस पर रविवार को जहां जनपद में सुबह से ही आजादी का उत्साह हिलोरे लेता रहा, वहीं उद्भव विकास समिति की तरफ से जिला मुख्यालय (राबर्ट्सगंज) पर 328 फुट (100 मीटर) तिरंगे के साथ दो घंटे से भी अधिक समय तक प्रभात फेरी निकाल कर एक अलग नजीर पेश की गई। हवा के बहाव के साथ लहराता तिरंगा और देशभक्ति गीतों की धुन पर थिरकती युवाओं की टोली तन-मन दोनों को देशप्रेम के रस से सारोबार करती रही। सुबह 11 बजे के करीब स्वर्ण जयंती चौक (बढ़ौली चौक) से 'भारत माता की जय' के नारे के साथ तिरंगा यात्रा की शुरुआत हुई।

शंकर महादेवन और उदित नारायण द्वारा फिल्म 'दस' में गाए गए गीत ''सुनो गौर से दुनिया वालों बुरी नज़र ना हमपे डालो चाहे जितना ज़ोर लगालो सबसे आगे होंगे हिंदुस्तानी हिंदुस्तानी.. हिंदुस्तानी..'' की धुन के साथ शुरू हुई यात्रा सिविल लाइंस रोड, तहसील चौराहा, महिला थाना, हाइडिल मोड़, सिनेमा मार्केट रोड, मेन मार्केट, मेन चौक होते हुए दोपहर एक बजे के लगभग वापस स्वर्ण जयंती चौक पहुंची। रास्ते भर विभिन्न देशभक्ति गीतों और धुन पर युवाओं की टोली थिरकती रही।


भारत माता की जय.., हिंदुस्तान जिंदाबाद.. के नारे गूंजते रहे। नगर के लोग भी छतों और सड़कों पर आकर युवाओं का उत्साह बढ़ाने में लगे रहे। यात्रा संपन्न होने के बाद अमर शहीदों को याद किया गया और उनके पद चिन्हों पर चलने के लिए नई पीढ़ी से आह्वान किया गया। भारत माता की जय और वंदे मातरम के घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। नगर में पहली बार इस तरह के आयोजन और इसके प्रति युवाओं का उत्साह खासा चर्चा का विषय बना रहा।

उद्भव समिति के अध्यक्ष राजेश जायसवाल, कोषाध्यक्ष मनोज मौर्य, मीडिया प्रभारी नरेश केशरी, गोविंद केशरी, गणेश केशरी, दीपक गुप्ता, अनिल सोनी, कमल सिंह, रवि केशरी, जनार्दन पांडेय, अमित वर्मा, संजीव शुक्ला, श्याम रत्नाकर, मुकेश मौर्य, दिनेश सिंह, अरविंद पांडेय, दिनेश सिंह, शरद जायसवाल की टोली ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तकनीकी संयोजन का कार्य विनीत श्रीवास्तव ने किया। आजादी पर्व के बहाने मनाई ओलंपिक मेडल जीतने की खुशी, खेलों को बढ़ावा देना प्रमुख उद्देश्यः उद्भव सेवा समिति के लोगों द्वारा जिला मुख्यालय पर अनोखे तरीके से तिरंगा यात्रा निकालकर आजादी की खुशी तो जाहिर की ही गई।


इसके जरिए ओलंपिक मेडल जीतने का भी जश्न मनाया गया। समिति के लोगों ने बताया कि तिरंगा यात्रा का एक प्रमुख उद्देश्य देश के होनहारों द्वारा ओलंपिक मेडल जीतने की खुशी मनाना तो था ही, इसके जरिए युवा वर्ग को खेलों के प्रति जागरूक करने का भी प्रयास किया गया। बता दें कि भारतीय पुरुष हॉकी टीम जहां राष्ट्रीय खेल हाकी में 48 साल के बाद पदक जीतने में कामयाब हुई। वहीं भाला फेंक प्रतियोगिता में एथलेटिक्स नीरज चोपड़ा ने गोल्ड मेडल झटका। इसी तरह मीराबाई चानू, रवी दहिया, पीवी सिंधू, लवलीना, बजरंग पुनिया ने भारत की झोली में पदक डाले। 

Tags:    

Similar News