Agra News: डराने लगी यमुना, बढ़ा जल स्तर, कई इलाकों में भरा पानी, 2 फीट तक डूबी ताजमहल की दीवार

Agra News: यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजमहल का दशहरा घाट दाऊ दयाल मंदिर परिसर पानी से लबालब भर गया है। ताजमहल की यमुना किनारे बनी दीवार दो फीट तक पानी में डूब गई है।

Update:2023-07-18 16:16 IST
Water Level of Yamuna River Increased, Agra

Agra News: यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजमहल का दशहरा घाट दाऊ दयाल मंदिर परिसर पानी से लबालब भर गया है। ताजमहल की यमुना किनारे बनी दीवार दो फीट तक पानी में डूब गई है। मेहताब बाग में पानी भर गया है। एएसआई अधिकारियों ने मेहताब बाग जाने वाले पर्यटकों को रोक दिया है। मेहताब बाग के पास एनडीआरएफ की तैनाती कर दी गई है। ताजमहल के पार्श्व में ताजव्यू पॉइंट में भी यमुना नदी का पानी भर गया है। पानी भरने के बाद व्यू पॉइंट को आम पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। मेहताब बाग के पास बने पुलिस वॉच टावर भी पानी में डूब गए हैं।

ताजमहल दशहरा घाट पर बैरिकेडिंग लगा दी गई है। दशहरा घाट जाने पर रोक लगा दी गई है। यमुना का पानी लगातार ताजमहल की दीवार से टकरा रहा है। ताजमहल के अलावा कैलाश मंदिर के गर्भ गृह में भी पानी भर गया है। मंदिर के आसपास बने करीब 30 मकानों को प्रशासन ने खाली करवा दिया है। इलाके की विद्युत आपूर्ति भी रोक दी गई है। यमुना नदी के तटवर्ती इलाकों में लगातार बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। कई रिहायशी इलाकों में लोगों ने घरों से पलायन शुरू कर दिया है। कुछ स्थानों पर किसानों की फसल भी बाढ़ के पानी से बर्बाद हो गई है।

यमुना नदी का जलस्तर दोपहर 12 बजे 499 फीट से बढ़कर, 499.1 तक पहुंच गया है। जो मीडियम फ्लड लेवल से एक सेंटीमीटर ऊपर है। यमुना नदी का हाई फ्लड लेवल 508 फीट पर है। यमुना का जलस्तर हाई फ्लड लेवल से अभी 9 फीट नीचे है। आज गोकुल बैराज से 141140 क्यूसेक पानी यमुना नदी में छोड़ा गया है। यमुना नदी का बढ़ता जलस्तर लोगों को डरा रहा है। तटवर्ती इलाकों के नजदीक रहने वाले परिवारों को घर से पलायन के डर का खतरा सता रहा है। यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता ही जा रहा है।

Tags:    

Similar News