Uttarakhand CM 2022: पुष्कर सिंह धामी होंगे उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री

Uttarakhand CM: आज BJP विधायक दल की बैठक में यह फैसला लिया गया कि पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) उत्तराखंड के नये मुख्यमंत्री होंगे।

Report :  Rakesh Mishra
Published By :  Shashi kant gautam
Update: 2022-03-21 12:25 GMT

पुष्कर सिंह धामी होंगे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री: Photo - Social Media

Uttarakhand: पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) उत्तराखंड के नये मुख्यमंत्री होंगे। आज BJP विधायक दल की बैठक में यह फैसला लिया गया। इससे पहले आज रक्षा मंत्री और उत्तराखंड के प्रभारी राजनाथ सिंह (Defense Minister and in-charge of Uttarakhand Rajnath Singh) और सह-प्रभारी और केंद्रीय मंत्री मिनाक्षी लेखी उत्तराखंड पहुंचे थे। उनके साथ केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट और प्रह्लाद जोशी भी थे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चुनाव हार गए थे

गौरतलब है कि उत्तराखंड में हुए विधान सभा चुनाव में भाजपा (BJP) को तो बड़ी जीत मिली थी लेकिन खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चुनाव हार गए थे। विधान सभा चुनाव में भाजपा को 47 तो वहीँ कांग्रेस (Congress) को 19 सीटें मिली थी। वहीँ बसपा को दो सीटों पर संतोष करना पड़ा था।

पुष्कर सिंह धामी: Photo - Social Media

केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने उनके नाम की घोषणा करते हुए कहा कि बीते छह माह के कार्य़काल में उन्होंने अपनी अलग ही छाप छोड़ी है। अब दोबारा मुख्यमंत्री बनकर वे राज्य का बहुआयामी विकास करेंगे।

धामी ने सभी दावेदारों को छोड़ा पीछे

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में 70 में से 47 सीटें जीतने वाली बीजेपी (BJP) में मुख्यमंत्री पद के कई दावेदार बताए जा रहे थे। सीटिंग सीएम पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) के विधानसभा चुनाव में हार ने वर्षों से सीएम पद पर नजरें गड़ाए नेताओं की किस्मत खोल दी थी। लिहाजा उन्होंने अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए पूरा जोर लगा दिया। सीएम पद की रेस में धामी के अलावा दिग्गज नेता सतपाल महाराज, पूर्व सीएम रमेश पोखरियाल निशंक और सांसद अनिल बलूनी के अलावा औऱ कई चेहरे थे। लेकिन धामी ने इस सभी दिगग्जों को पीछे छोड़ते हुए एकबार फिर सीएम की कुर्सी हासिल कर ली।

पुष्कर सिंह धामी: Photo - Social Media

शुरू से मजबूत था धामी का दावा

पुष्कर सिंह धामी हार के बाद भी अधिक विचलित नहीं दिखे। दरअसल, एकबार फिर वो बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से अपनी पहुंच का फायदा उठाने में कामयाब रहे। पुष्कर सिंह धामी को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Defense Minister and in-charge of Uttarakhand Rajnath Singh) और महाराष्ट्र के राज्यपाल औऱ उत्तराखंड के पूर्व सीएम भगतसिंह कोश्यारी के बेहद करीब माना जाता है। पहले कार्यकाल में भी कोश्यारी और राजनाथ के आर्शीवाद के बदौलत ही सीएम की कुर्सी तक पहुंचे थे। उनके चुनाव हारने के बाद बीजेपी के करीब 5-6 विधायकों ने उनके लिए अपनी सीट से चुनाव लड़ने तक का ऑफर दे दिया था। बता दें कि पुष्कर सिंह धामी को खटीमा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी भुवन कापड़ी के हाथों शिकस्त झेलना पड़ा था। इस सीट से धामी लगातार दो बार विधायकी का चुनाव जीत चुके हैं।

भव्य होगा शपथग्रहण

इस बीच राज्य में बीजेपी की नई सरकार के शपथग्रहण को लेकर तैयारियां जोरों पर है। बीजेपी के सूत्रों के मुताबिक इसबार शपथग्रहण भव्य होगा। इसमें तमाम भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शिरकत करेंगे। इसके अलावा राज्य के जिलों और संभाओं में कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा। इसके लिए पार्टी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए जा चुके हैं। दरअसल, बीजेपी (BJP) ने लगातार दूसरी बार जीतकर उस मिथक को तोड़ा है जिसके बारे में कहा जाता था कि उत्तराखंड में कोई पार्टी अपनी सरकार रिपीट नहीं कर सकी है। 

Tags:    

Similar News