Uttarakhand Heavy Rain: भारी बारिश से देहरादून-ऋषिकेश ब्रिज टूटा, नदी में बह गईं गाड़ियां, रेस्क्यू आपरेशन जारी

उत्तराखंड में पिछले 48 घंटों से हो रही बारिश ने भारी तबाही मचाई है। भारी बारिश के कारण देहरादून में रानी पोखरी के नजदीक देहरादून-ऋषिकेश ब्रिज टूट गया। जिसके बाद कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

Newstrack :  Network
Published By :  Shashi kant gautam
Update: 2021-08-27 09:36 GMT

भारी बारिश से देहरादून-ऋषिकेश ब्रिज टूटा: फोटो- सोशल मीडिया

Uttarakhand Heavy Rain : उत्तराखंड में पिछले 48 घंटों से हो रही बारिश ने भारी तबाही मचाई है। भारी बारिश के कारण देहरादून में रानी पोखरी के नजदीक देहरादून-ऋषिकेश ब्रिज टूट गया। जिसके बाद कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं लगातार हो रही बारिश से मालदेवता-सहस्रधारा लिंक रोड कई मीटर तक नदी में समा गया। यह घटना खेरी गांव की है। यहां भारी बारिश की वजह से सड़क में कटाव हो गया और पूरा रास्ता पानी में बह गया। यहां दो गाड़ियों के भी बहने की सूचना मिली है। बचाव कार्य जारी है।

बता दें कि मौसम विभाग ने उत्तराखंड में पहले ही भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था। विभाग ने कई जिलों में रेड अलर्ट भी जारी किया था। इससे पहले बुधवार को भी उत्तराखंड में शहर की बाहरी सीमा पर स्थित खाबड़ाला गांव में सीतला देवी मंदिर के पास बादल फटने से नदियों और धाराओं में बाढ़ आ गई थी।

बादल फटने के बाद बाढ़ का पानी घरों में घुसा

राज्य आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि मंगलवार देर रात बादल फटने के बाद बाढ़ का पानी घरों में घुस आया, बिजली के खंभे और पेड़ कई जगहों पर गिर गए और दो पहिया वाहन पानी में बह गए थे। हालांकि, इस घटना में किसी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

बादल के फटने से एक महिला के मलबे में दबने की खबर

पिथौरागढ़ जिले के बलुवाकोट के जोशी गांव में बादल फटने से भारी तबाही मची है। बादल के फटने से आए मलबे में एक महिला के दबने की खबर है। स्थानीय लोगों के साथ ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ द्वारा महिला को खोजने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।

 भूस्खलन: कांसेप्ट इमेज- सोशल मीडिया

भूस्खलन की वजह से गांव के 10 परिवारों को खतरा

इस भूस्खलन की वजह से गांव के 10 परिवारों को खतरा पैदा हो गया है, जिन्हें प्रशासन द्वारा सुरक्षित जगहों में शिफ्ट कर दिया गया है। भूस्खलन की वजह से गांव के उपजाऊ खेतों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनें भी काम मे जुटी हैं।

दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहेगा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार की सुबह उमस भरी रही और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम, 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 68 प्रतिशत रहा और बादल छाए रहे।

दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे

मौसम विभाग ने दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और अधिकतम तापमान के 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान लगाया है। दिल्ली में बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

Tags:    

Similar News