अल्मोड़ा में बस खाई में गिरी, 12 की मौत

Update: 2018-03-13 08:24 GMT

उत्तराखंड: अल्मोड़ा के सल्ट ब्लॉक में भतरोज खान रामनगर मोटर मार्ग पर कालीधार-मुहाना के समीप एक बस करीब ढाई सौ मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसा सुबह करीब सवा आठ बजे हुआ। इस हादसे में 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 13 घायलों को उपचार के लिए रामगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसमें से चार को हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। रामनगर में उपचार के दौरान एक यात्री की मौत हो गई।

हादसे के बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। मृतकों की संख्या बढ़ने की भी आशंका है। अल्मोड़ा की जिलाधिकारी ईवा आशीष ने बताया कि हादसे की सूचना पर एसडीएम और एसएसपी पी रेणुका देवी मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य के लिए पुलिस के साथ एसडीआरएप, 108एम्बुलेंस सेवा, राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर हैं। सल्ट, भिकियासैंण और भतरोज खान से डॉक्टरों की टीम भेजी गई है।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने अल्मोड़ा में हुई बस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अल्मोड़ा और नैनीताल के जिलाधिकारियों से बात कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने जिलाधिकारियों को सख्त निर्देश दिये है कि राहत एवं बचाव कार्यों में कोई भी कोताही बर्दाश्त नही की जायेगी। घायलों का हर संभव उपचार सुनिश्चित किया जाय। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना को देखते हुए राहत राशि भी तत्काल प्रभाव से दिए जाने के निर्देश दिए हैं।

Tags:    

Similar News