Afghanistan: महमूद गजनवी की कब्र पर पहुंचा तालिबानी नेता अनस हक्कानी, भारत के खिलाफ उगला जहर

भारत पर 17 बार हमला करने वाले महमूद गजनवी की कब्र पर तालिबानी नेता अनस हक्कानी पहुंचा। हक्कानी ने ट्वीट में लिखा कि 'आज हमने 10 वीं शताब्दी के एक प्रसिद्ध मुस्लिम योद्धा और मुजाहिद सुल्तान महमूद गजनवी की दरगाह का दौरा किया।

Newstrack :  Network
Published By :  Deepak Kumar
Update: 2021-10-06 07:23 GMT

महमूद गजनवी की कब्र पर पहुंचा तालिबानी नेता अनस हक्कानी। (Social Media)

Afghanistan News: अफगानिस्तान की सत्ता में आए तालिबान को करीब दो महीने का वक्त बीत गया है और अब उसने अपने रंग भी दिखाने शुरू कर दिए हैं। बता दें कि तालिबानी नेता अनस हक्कानी मंगलवार को भारत पर 17 बार हमला करने वाले महमूद गजनवी की कब्र पर पहुंचा। यहां हक्कानी ने गर्व के साथ भारत में सोमनाथ मंदिर की मूर्तियों को तोड़े जाने का जिक्र किया। हक्कानी ने गजनवी की कब्र पर जाने के बाद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।

हक्कानी ने ट्वीट में लिखा कि 'आज हमने 10 वीं शताब्दी के एक प्रसिद्ध मुस्लिम योद्धा और मुजाहिद सुल्तान महमूद गजनवी की दरगाह का दौरा किया। गजनवी (अल्लाह की रहमत उस पर हो) ने गजनी से क्षेत्र में एक मजबूत मुस्लिम शासन स्थापित किया और सोमनाथ की मूर्ति को तोड़ दिया'।

भारत के साथ संबंधों पर अनस हक्कानी ने कहा कि दुर्भाग्य से, भारत का रवैया पक्षपात वाला रहा है। भारत ने पिछले 20 साल से युद्ध की आग को हवा दी है। हक्कानी ने कहा कि भारत ने अभी तक शांति के लिए कुछ नहीं किया है। हक्कानी ने कहा कि भारतीय मीडिया तालिबानियों की खराब छवि पेश कर रहा है। उसने कहा कि भारत को अफगानिस्तान के प्रति अपनी नीति बदलने की जरूरत है।

साल 1026 में हुआ था मंदिर पर हमला

भारत के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक सोमनाथ मंदिर पर 1026 में महमूद गजनवी ने हमला किया था। कहा जाता है कि अरब यात्री अल-बरुनी के अपने यात्रा वृतान्त में मंदिर का उल्लेख देख गजनवी ने करीब 5 हजार साथियों के साथ इस मंदिर पर हमला कर दिया था। उसने मंदिर की संपत्ति भी लूट ली थी। सोमनाथ मंदिर पर इससे पहले और इसके बाद भी कई बार हमले हुए और उसे तोड़ा गया, लेकिन हर बार इसका पुनर्निर्माण भी हुआ। आखिरी बार सरदार वल्लभ भाई पटेल के आदेश पर इस मंदिर का पुनर्निर्माण किया गया था। अभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) श्री सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं।

Tags:    

Similar News