Trump Iftar Party: व्हाइट हाउस में ट्रंप का इफ्तार डिनर, मुस्लिमों के समर्थन के लिए किया शुक्रिया

Trump Iftar Party: समारोह को संबोधित करते हुए, ट्रंप ने मुस्लिम अमेरिकियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि पिछले चुनाव में उन्हें "रिकॉर्ड संख्या" में समर्थन मिला था।;

Update:2025-03-28 15:01 IST

Donald Trump Iftar party  (PHOTO: Social media) 

Trump Iftar Party: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में इफ्तार डिनर की मेजबानी की, जिसमें उन्होंने रमजान के महत्व का बखान करते हुए 2024 के चुनाव में मुस्लिम समुदाय के समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। ट्रंप ने कहा - इस विशेष इफ्तार डिनर में आपका स्वागत है। चूंकि हम इस्लामी पवित्र महीने रमजान में हैं, मैं अपने मुस्लिम मित्रों से कहना चाहूंगा—रमजान मुबारक।

इस इफ्तार कार्यक्रम में मुस्लिम समुदाय के नेता, राजनयिक और सरकारी अधिकारी शामिल हुए।

ट्रंप ने कहा - "रमजान आध्यात्मिक चिंतन और आत्म-संयम का समय है। इस पवित्र महीने में मुसलमान भोर से सूर्यास्त तक उपवास रखते हैं, प्रार्थना और ईश्वर की भक्ति पर गहराई से ध्यान केंद्रित करते हैं। दुनिया भर के मुसलमान हर रात परिवार और दोस्तों के साथ इकट्ठा होते हैं, अल्लाह का शुक्रिया अदा करते हैं और इफ्तार डिनर के साथ अपना उपवास तोड़ते हैं। हम सभी पूरी दुनिया के लिए शांति की कामना करते हैं।"

समारोह को संबोधित करते हुए, ट्रंप ने मुस्लिम अमेरिकियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि पिछले चुनाव में उन्हें "रिकॉर्ड संख्या" में समर्थन मिला था। उन्होंने कहा, "मैं लाखों मुस्लिम अमेरिकियों का विशेष रूप से धन्यवाद करना चाहता हूं, जिन्होंने 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में रिकॉर्ड संख्या में हमारा समर्थन किया। यह अद्भुत था। हम शुरुआत में थोड़े धीमे थे, लेकिन बाद में हमने आपका साथ पाया। नवंबर में मुस्लिम समुदाय हमारे साथ था, और जब तक मैं राष्ट्रपति हूं, मैं आपके साथ रहूंगा।"

मिडिल ईस्ट की पॉलिटिक्स

इफ्तार डिनर में अपने भाषण के दौरान, ट्रंप ने मिडिल ईस्ट में अपनी सरकार के कूटनीतिक प्रयासों को दोहराया। उन्होंने कहा, "हम मुस्लिम समुदाय के प्रति अपने वादे पूरे कर रहे हैं। मेरी प्रशासन मध्य पूर्व में स्थायी शांति स्थापित करने के लिए निरंतर कूटनीति में लगी हुई है, जिसमें ऐतिहासिक अब्राहम समझौतों को आधार बनाया गया है, जिसे सभी ने असंभव बताया था। और अब हम इसे और विस्तार देने जा रहे हैं।" बता दें कि अब्राहम समझौते 2020 में हस्ताक्षरित हुए थे और इसने इजरायल और कई अरब देशों के बीच राजनयिक संबंध स्थापित किए थे।

कार्यक्रम के समापन पर, मेहमानों ने एक साथ उपवास तोड़ा। रमजान, इस्लामी कैलेंडर का नौवां महीना है और मुसलमानों के लिए सबसे पवित्र अवधियों में से एक है। यह पैगंबर मुहम्मद को कुरान के दिव्य प्रकाशन की याद दिलाता है। भोर से सूर्यास्त तक रोज़ा रखना इबादत, आत्म-अनुशासन और आध्यात्मिक विकास का एक साधन माना जाता है। दैनिक उपवास सूर्यास्त पर इफ्तार के साथ तोड़ा जाता है।

ट्रम्प की शुभकामनायें

इस महीने की शुरुआत में, राष्ट्रपति ट्रम्प ने रमजान मनाने वालों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने एक बयान में कहा था, "यह पवित्रता और सद्गुण से जीवन जीने के लिए आशा, साहस और प्रेरणा लेने का समय है।" उन्होंने आगे कहा, "जब लाखों मुस्लिम अमेरिकी अपना रमजान शुरू करते हैं, मेरी सरकार धार्मिक स्वतंत्रता को बनाए रखने के लिए फिर से प्रतिबद्ध है, जो अमेरिकी जीवन शैली का एक अभिन्न अंग है। सबसे बढ़कर, हम शांति के भविष्य के निर्माण और हर मानव आत्मा पर अंकित गरिमा को पहचानने का संकल्प लेते हैं। इस रमजान में, मैं ईश्वर की अनंत कृपा और असीम प्रेम पर आनंदमय चिंतन के लिए अपनी शुभकामनाएं देता हूं। इस अद्भुत समय में ईश्वर आपको और आपके परिवार को आशीर्वाद दे।"

Tags:    

Similar News