Indonesia Earthquake Photos: भूकंप से लाशों का ढेर बना देश, 200 पहुंच रहा मौत का आंकड़ा

Earthquake In Indonesia : सोमवार को इंडोनेशिया में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 5.4 मापी गई। इस भूकंप ने भारी संख्या में जान-माल को क्षति पहुंचाया है।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2022-11-22 03:58 GMT

Indonesia Earthquake 2022 (Image Credit : Social Media) 

Indonesia Earthquake 2022 : सोमवार को इडोनेशिया में आए भूकंप ने भयानक तबाही मचाई है। मृतकों की तादाद लगातार बढ़ रही है। इडोनेशियाई सरकार ने अब तक 162 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। जबकि 700 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। 5.4 तीव्रता वाले इस भूकंप से दर्जनों इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। जावा के गर्वनर रिदवान कामिल ने बताया कि एक ही अस्पताल में 20 लोगों की मौत हो गई। अधिकारी देश के सुदूर इलाकों में भूकंप से हताहत हुए लोगों की संख्या के संबंध में अभी जानकारी जुटा रहे हैं। इसलिए मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है।

Indonesia Earthquake 2022 (Image Credit : Social Media)

हताहतों में अधिकतर बच्चे

जावा के गर्वनर ने बताया कि भूकंप में मरने वाले ज्यादातर बच्चे हैं। उन्होने बताया कि भूकंप के दौरान अधिकतर बच्चे स्कूल में अपनी पढ़ाई खत्म कर इस्लामिक स्कूल में तालीम ले रहे थे। भूकंप के केंद्र सियांजुर में देश में सबसे अधिक इस्लामिक आवासीय स्कूल और मस्जिद हैं। गर्वनर रिदवान कामिल ने बताया कि कई इस्लामिक स्कूल हादसे के चपेट में आए हैं। सोमवार से ही सोशल मीडिया पर भूकंप की तस्वीरें खूब वायरल हो रही हैं। इनमें टूटी हुई इमारतें,मलबा और क्षतिग्रस्त कारें नजर आ रही हैं।


5000 से अधिक लोग विस्थापित

राष्ट्रीय आपदा एजेंसी (बीएनपीबी) के मुताबिक, भूकंप से कम से कम 2200 घरों को नुकसान पहुंचा है। 5 हजार से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं। सिजेडिल गांव में 25 लोग मलबे में अब भी दबे हुए हैं। एजेंसी ने कहा कि एक इस्लामिलक बोडिंग स्कूल, एक अस्पताल और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं समेत दर्जनों इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। भूकंप के कारण देश के कुछ हिस्सों में लैंडस्लाइड की घटनाएं भी हुईं, जिससे रास्ते अवरूद्ध हो गए हैं। मंगलवार को रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी आने की उम्मीद है।

Indonesia Earthquake 2022 (Image Credit : Social Media)

इंडोनेशिया में आते रहे हैं भूकंप

27 करोड़ की आबादी वाला इंडोनेशिया भूकंप के झटकों का आदी रहा है। अतीत में भी यहां भयानक भूकंप आ चुके हैं। इसी साल फरवरी में 6.2 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें 25 लोग मारे गए थे और 460 लोग जख्मी हुए थे। पिछले साल यानी जनवरी 2021 में आए भूकंप में यहां 100 लोग मारे गए थे और घायलों की तादाद 6 हजार से भी अधिक थी। साल 2004 में हिंद महासागर में आए एक शक्तिशाली भूकंप और सुनामी ने इंडोनेशिया में खूब तबाही मचाई थी।

Indonesia Earthquake 2022 (Image Credit : Social Media)


Tags:    

Similar News