Nobel Prize: जॉन जे. हॉपफील्ड और जेफ्री ई. हिंटन को मिला भौतिकी का नोबेल पुरस्कार, इस खोज के लिए मिला सम्मान

Nobel Prize: साल 2024 का भौतिकी का नोबेल पुरस्कार रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने जॉन जे. हॉपफील्ड और जेफ्री ई. हिंटन को दिया जाएगा।

Update:2024-10-08 17:26 IST

जॉन जे. हॉपफील्ड और जेफ्री ई. हिंटन को मिला भौतिकी का नोबेल पुरस्कार (सोशल मीडिया)

Nobel Prize: साल 2024 के नोबेल पुरस्कारों के ऐलान होने की शुरूआत हो चुकी है। बीते सोमवार को चिकित्सा क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार (Nobel Prize 2024) की घोषणा की गयी है। वहीं मंगलवार को भौतिकी (फिजिक्स) के क्षेत्र के लिए पुरस्कार का ऐलान किया गया है। साल 2024 का भौतिकी का नोबेल पुरस्कार रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने जॉन जे. हॉपफील्ड और जेफ्री ई. हिंटन को दिया जाएगा। इन दोनों वैज्ञानिकों को भौतिकी का नोबेल पुरस्कार आर्टिफिशियल न्यूरल नेटवर्क के साथ मशीन लर्निंग को सक्षम करने वाली मूलभूत खोजों और आविष्कारों के लिए दिया जा रहा है। 

उल्लेखनीय है कि इससे पहले बीते सोमवार को फिजियोलॉजी या मेडिसिन क्षेत्र के लिए नोबेल सम्मान की घोषणा की गयी है। साल 2024 को चिकित्सा क्षेत्र का नोबेल सम्मान अमेरिका के विक्टर एंब्रोस और गैरी रुवकुन को दिया जाएगा। दोनों वैज्ञानिकों को यह सम्मान माइक्रो आरएनए की खोज के लिए दिया जा रहा है।

सात अक्टूबर से नोबेल सम्मान के ऐलान की हुई शुरुआत

सात अक्टूबर (सोमवार) से नोबेल पुरस्कार के ऐलान की शुरूआत हो चुकी है। सात अक्टूबर को चिकित्सा तो आठ अक्टूबर को भौतिकी के नोबेल पुरस्कार की घोषणा हुई है। अब नौ अक्टूबर (बुधवार) को रसायन विज्ञान और दस अक्टूबर (गुरूवार) को साहित्य के क्षेत्र में मिलने वाले नोबेल सम्मान की विजेताओं के नाम को ऐलान किया जाएगा। वहीं 11 अक्टूबर (शुक्रवार) को शांति और 14 अक्टूबर (सोमवार) को अर्थशास्त्र के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार की घोषणा की जाएगी।

बीते तीन सालों में इन वैज्ञानिकों को मिला नोबेल

साल 2023 में पियरे ऑगस्टिनी, फेरेंस क्राउसज और एनी एल हुलियर को संयुक्त रूप से भौतिकी क्षेत्र का नोबेल पुरस्कार दिया गया था। इन वैज्ञानिकों को यह सम्मान इलेक्ट्रॉन्स पर अध्ययन के लिए दिया गया। एनी हुलियर फिजिक्स भौतिकी के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार पाने वाली पांचवीं महिला थीं। वहीं साल 2022 में भौतिकी (फिजिक्स) का नोबेल पुरस्कार अलेन अस्पेक्ट, जॉन एफ क्लाउसर और एंटन जिलिंगर को संयुक्त रूप से दिया गया था। इन वैज्ञानिको को यह सम्मान क्वांटम सूचना के आधार पर नई तकनीक की खोज के लिए दिया गया। इसी तरह साल 2021 में स्यूकुरो मानेबे, क्लॉस होसेलमैन और जियोर्जियो पेरिसी को भौतिकी के क्षेत्र का नोबेल पुरस्कार दिया गया था। इन वैज्ञानिकों को यह सम्मान जटिल भौतिक प्रणालियों को आसान तरीके से समझाने के लिए दिया गया।

Tags:    

Similar News