Landslide: पपुआ न्यू गिनी के गांव में भूस्खलन, 100 की मौत!

Landslide: कई भारी पत्थर, पेड़ और पौधे गिर गए हैं। इससे इमारतों को नुकसान पहुंचा और वह भी ढह गईं। इसके चलते शवों को खोजने में काफी मुश्किल आ रही है।

Update: 2024-05-24 05:08 GMT

 Papua New Guinea (Pic: प्रतिकात्मक)

Landslide: पपुआ न्यू गिनी के एक सुदूर गांव में बड़ा हादसा हो गया। यहां भूस्खलन से कम से कम 100 लोगों की मौत होने की खबर आई है। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया के मुताबिक, यहां एंगा प्रांत में काओकालम गांव के पास स्थानीय समयानुसार सुबह करीब तीन बजे आए भूस्खलन से कई घर तबाह हो गए। जिसमें 100 से अधिक लोगों के मौत की खबर है।

वहीं राहत-बचाव कर्मी यहां लोगों को बाहर निकालने का काम कर रहे हैं। अब तक कई शवों को निकाला भी जा चुका है।

ऑस्ट्रेलियाई ब्रॉडकास्टर एबीसी ने स्थानीय लोगों के हवाले से इस घटना की जानकारी भी साझा की। काओकालम के एक शख्स ने बताया कि लोगों के लिए राहत-बचाव कार्य काफी मुश्किल हो रहे हैं। भूस्खलन में कई भारी पत्थर, पेड़ और पौधे गिर गए हैं। इससे इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा और वह भी ढह गईं। इसके चलते शवों को खोजने में काफी मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। वहीं एक और महिला एलिजाबेथ लारुमा ने कहा कि पास की पहाड़ी से मिट्टी और पेड़ों के गिरने से कई घर तबाह हो गए हैं। यह हादसा उस समय हुआ जब पूरा गांव गहरी नींद में था। उन्होंने कहा कि गांव के 100 से ज्यादा लोग मलबे में दबे हैं।

शहर के रास्ते बंद होने से लोगों में चिंता

इस भूस्खलन से गांव का पोर्गेरा शहर से संपर्क पूरी तरह से कट गया है। यह शहर अपनी सोने की खदानों के लिए चर्चित है। लारुमा ने कहा कि सड़कों के बंद होने की वजह से लोगों में आवश्यक जरूरतों की आपूर्ति को लेकर चिंता बैठ गई है, क्योंकि यह भी साफ नहीं है कि यह मलबा कब तक हटेगा और जरूरी चीजें लोगों तक कैसे पहुंचेंगी। उन्होंने पपुआ न्यू गिनी सरकार और एनजीओ से तत्काल सहायता भेजने का आह्वान किया है।

Similar News