Sri Lanka Latest Updates: श्रीलंका नहीं छोड़ पाएंगे गोटाबाया राजपक्षे के दोनों भाई, SC का बड़ा आदेश

Sri Lanka Latest Updates: सुप्रीम कोर्ट ने गोटाबाया राजपक्षे के दोनों भाइयों देश के पूर्व प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे और देश के पूर्व वित्त मंत्री बासिल राजपक्षे के देश छोड़ने पर रोक लगा दी है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2022-07-15 15:09 GMT

श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे: photo - social media

Click the Play button to listen to article

Sri Lanka Latest Updates: श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे (President Gotabaya Rajapaksa) की फरारी के बाद देश का सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) एक्शन में आ गया है। सुप्रीम कोर्ट ने गोटाबाया राजपक्षे के दोनों भाइयों देश के पूर्व प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे और देश के पूर्व वित्त मंत्री बासिल राजपक्षे के देश छोड़ने पर रोक लगा दी है। बासिल राजपक्षे की देश से फेरारी की कोशिश के बाद इस बाबत सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई थी जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने यह आदेश दिया है।

गोटाबाया राजपक्षे राष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने से पहले ही श्रीलंका से फरार हो गए थे। वे श्रीलंकाई वायुसेना के विमान से मालदीव पहुंचे थे। मालदीव में एक दिन रुकने के बाद वे अब सिंगापुर पहुंच चुके हैं। राजपक्षे की श्रीलंका से फरारी के बाद देश के लोगों में भारी गुस्सा दिख रहा है। श्रीलंका से फरारी के बाद अब राजपक्षे ने राष्ट्रपति पद से इस्तीफा भी दे दिया है।

नाकाम हो गई थी फरारी की कोशिश 

श्रीलंका के खराब आर्थिक हालात (Sri Lanka economic situation) के लिए देश के लोग राजपक्षे परिवार को ही जिम्मेदार मान रहे हैं। देश के लोगों में राजपक्षे परिवार के प्रति भारी गुस्सा दिख रहा है। लोगों की नाराजगी से बचने के लिए पूर्व वित्त मंत्री बासिल राजपक्षे ने भी हाल में देश छोड़कर फरार होने की कोशिश की थी। हालांकि उनकी यह कोशिश कामयाब नहीं हो सकी। कोलंबो एयरपोर्ट पर यूनियन के भारी हंगामे और जमकर नारेबाजी के बाद बासिल राजपक्षे को वापस लौटना पड़ा था। 

उनकी फरारी की कोशिश को देखते हुए ही सुप्रीम कोर्ट से दोनों राजपक्षे भाइयों के देश छोड़ने पर रोक लगाने की मांग की गई थी। इस मामले में अब देश का सुप्रीम कोर्ट एक्शन में आ गया है। सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया है कि पूर्व प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे और पूर्व वित्त मंत्री बासिल राजपक्षे अदालत के आदेश के बिना 28 जुलाई तक देश नहीं छोड़ सकते। 

राजपक्षे परिवार के प्रति भारी नाराजगी

श्रीलंका के लोगों की भारी नाराजगी के बाद महिंदा राजपक्षे ने गत 9 मई को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। पद से इस्तीफा देने के बाद से ही महिंदा राजपक्षे देश में ही किसी गोपनीय ठिकाने पर छुपे हुए हैं। दो महीने से ज्यादा का वक्त गुजर जाने के बाद भी अभी तक वे सार्वजनिक रूप से कहीं नहीं दिखे हैं। देश में चल रही सियासी उथल-पुथल के बीच उनका कोई बयान भी सामने नहीं आया है।

जानकारों के मुताबिक लोगों की भारी नाराजगी से बचने के लिए ही वे किसी गोपनीय ठिकाने पर शरण लिए हुए हैं। उनके खिलाफ भी श्रीलंका के लोगों में भारी नाराजगी है। बासिल राजपक्षे देश के वित्त मंत्री थे और मंत्री रहने के दौरान उनके ऊपर भ्रष्टाचार के कई आरोप लग चुके हैं। श्रीलंका के लोगों का आरोप है कि वे हर काम में कमीशन लिया करते थे और देश के खराब आर्थिक हालात के लिए वे काफी हद तक जिम्मेदार हैं।

विक्रमसिंघे बने अंतरिम राष्ट्रपति 

इस बीच राष्ट्रपति पद से गोटाबाया राजपक्षे के इस्तीफे के बाद रानिल विक्रमसिंघे को अंतरिम राष्ट्रपति चुना गया है। स्पीकर अभयवर्धने का कहना है कि 20 जुलाई को संसद में राष्ट्रपति का चुनाव किया जाएगा। नए राष्ट्रपति के चुनाव तक विक्रमसिंघे ही देश के राष्ट्रपति की कमान संभाले रहेंगे। देश में चल रही भारी सियासी उथल पुथल के बीच आगे की राह बहुत मुश्किल मानी जा रही है। जानकारों का कहना है कि नए राष्ट्रपति के लिए भी श्रीलंका को संभालना आसान साबित नहीं होगा। 

Tags:    

Similar News