जिम्बाब्वे: नए राष्ट्रपति ने सेना, जनता का जताया आभार, कल लेंगे शपथ

Update: 2017-11-23 07:09 GMT
जिम्बाब्वे: नए राष्ट्रपति ने सेना, जनता का जताया आभार, कल लेंगे शपथ

हरारे: जिम्बाब्वे के नए राष्ट्रपति एमर्सन नांगाग्वा ने देश के नागरिकों और सेना के भरपूर सहयोग के लिए आभार जताया है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, एमर्सन ने निर्वासन से लौटने के बाद अपने पहले सार्वजनिक संबोधन में कहा कि वह दो सप्ताह पहले रॉबर्ट मुगाबे द्वारा बर्खास्त किए जाने के बाद मिले सहयोग से अभिभूत हैं।

बता दें, कि जिम्बाब्वे में रॉबर्ट मुगाबे के उत्तराधिकारी के रूप में एमर्सन नांगाग्वा शुक्रवार को राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे।

हमें देश में शांति चाहिए

एमर्सन ने लोगों की सेवा करने की प्रतिबद्धता जताते हुए कहा, कि 'देश के सभी लोगों को एकजुट होकर रोजगारों के सृजन के लिए अर्थव्यवस्था का विकास करने की जरूरत है।' उन्होंने कहा, 'हमें देश में शांति चाहिए, हमें हमारे लोगों के लिए रोजगार चाहिए। उन्होंने आगे कहा, कि उन्हें कई देशों से सहयोग के आश्वासन मिलने शुरू हो गए हैं।

देश छोड़कर द. अफ्रीका चले गए थे

गौरतलब है कि दो सप्ताह पहले रॉबर्ट मुगाबे की पत्नी ग्रेस से मतभेद गहराने के बाद नांगाग्वा को उपराष्ट्रपति पद से बर्खास्त कर दिया गया था। इसके बाद वह सुरक्षा कारणों से देश छोड़कर द. अफ्रीका चले गए थे। इसके बाद से ही मुगाबे के खिलाफ विरोध के सुर बुलंद होने शुरू हो गए थे।

आईएएनएस

Tags:    

Similar News