×

J&k और 370 से जुड़े ये 10 सवाल, नही जानते होंगे इनके जवाब

जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 को राष्ट्रपति की स्वीकृति से हटा दिया गया है। इसके बाद से ही देश में खुशी का माहौल बना हुआ है। लेकिन अब पीओके (पाक अधिकृत कश्मीर) पर  भारत की स्थिति क्या होगी?

Vidushi Mishra
Published on: 6 Aug 2019 11:06 AM GMT
J&k और 370 से जुड़े ये 10 सवाल, नही जानते होंगे इनके जवाब
X
J&k और 370 से जुड़े ये 10 सवाल, नही पता होगा इनके जवाब

नई दिल्ली : जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 को राष्ट्रपति की स्वीकृति से हटा दिया गया है। इसके बाद से ही देश में खुशी का माहौल बना हुआ है। लेकिन अब पीओके (पाक अधिकृत कश्मीर) पर भारत की स्थिति क्या होगी? आइये जानते है 10 सवालों के जरिए, क्या-क्या हुए बदलाव?

यह भी देखें... अनुच्छेद 370ः टुकड़े गैंग हुआ फिर एक्टिव की गालियों की बौछार

प्रश्न 1 . जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा किस अनुच्छेद के तहत मिला था?

क. अनुच्छेद 370

ख. अनुच्छेद 371

ग. अनुच्छेद 371 ए

घ. अनुच्छेद 371 बी

उत्तर- 1. (क) अनुच्छेद 370

जम्मू-कश्मीर का भारत में विलय करना ज्यादा जरूरी था। इसलिए उस समय जम्मू-कश्मीर को धारा 370 के तहत कुछ विशेष अधिकार दिए गए थे।

2 . जम्मू-कश्मीर पर पाकिस्तान समर्थित घुसपैठियों ने कब हमला किया था?

क. अगस्त 1948

ख. सितंबर 1947

ग. अक्टूबर 1947

घ. नवंबर 1948

उत्तर- 2 . (ग) अक्टूबर 1947

कश्मीर पर हमले की योजना पाकिस्तानी सेना ने बनाई थी जिसका नेतृत्व पाकिस्तान के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी अकबर खान ने किया था। पाकिस्तान ने कबायलियों को कश्मीर पर हमले के लिए उकसाया। इस उकसावे में आकर करीब 5,000 कबायली घुसपैठियों ने अक्टूबर, 1947 में हमला किया था।

यह भी देखें... अमित शाह ने PoK को लेकर दिया बड़ा बयान, बोले- इसके लिए तो दे देंगे जान

3 . भारतीय सेना से उनका टकराव कहां हुआ?

क. मुजफ्फराबाद

ख. करगिल

ग. उरी

घ. अनंतनाग

उत्तर- 3 . (क) मुजफ्फराबाद

पाकिस्तानी घुसपैठियों का सामना डोगरा रेजिमेंट के सैनिकों से मुजफ्फराबाद में हुआ। वहां उन्होंने मुजफ्फराबाद और डोमेल के बीच के पुल पर कब्जा कर लिया। अगले दो दिनों में उनलोगों ने गढ़ी और चिनारी पर कब्जा कर लिया। हमलावरों का मुख्य समूह उसके बाद उरी की ओर बढ़ा।

यह भी देखें... Article 370 मुश्किलें पैदा कर सकता है, इन्हें पहले से पता था

4 . जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को कब खत्म किया गया?

क. 15 अगस्त, 2019

ख. 5 अगस्त, 2019

ग. 14 अगस्त 2018

घ. 26 जनवरी 2018

उत्तर- 4 . (ख) 5 अगस्त 2019

5 अगस्त, 2019 को देश के गृह मंत्री ने संसद में अनुच्छेद-370 के प्रावधानों को खत्म करने का प्रस्ताव रखा जिसे मंजूरी मिल गई। साथ ही जम्मू-कश्मीर के पुनर्गठन का प्रस्ताव भी रखा गया जिसे भी संसद की मंजूरी मिल गई।

5 . अब परिसीमन के बाद जम्मू-कश्मीर में विधानसभा की कितनी सीटें हो जाएंगी?

क. 107

ख. 114

ग. 120

घ. 115

उत्तर- 5 . (ख) 114

परिसीमन के बाद जम्मू-कश्मीर में विधानसभा सीटों की संख्या 107 से बढ़ाकर 114 किए जाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर केंद्रशासित प्रदेश के उपराज्यपाल को अगर लगेगा कि विधानसभा में महिलाओं का पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं है तो वह विधानसभा में दो सदस्यों को नामित कर सकेंगे। जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन विधेयक, 2019 में जम्मू-कश्मीर में पांच लोक सभा सीट और लद्दाख में एक लोकसभा सीट का प्रस्ताव है।

यह भी देखें... 370 पर अधीर रंजन के इस बयान से कांग्रेस की हुई किरकरी, सोनिया गांधी भी नाराज

6 . जम्मू-कश्मीर के महाराजा हरि सिंह के आग्रह पर भारत ने कब श्रीनगर में सैनिक भेजने का फैसला किया?

क. 26 अक्टूबर 1948

ख. 26 अक्टूबर 1947

ग. 23 सितंबर 1947

घ. 15 अगस्त 1948

उत्तर- 6 . (ख) 26 अक्टूबर 1947

24 अक्टूबर को महाराजा हरि सिंह ने भारत सरकार से तुरंत हस्तक्षेप की अपील की। 25 अक्टूबर को वी.पी.मेनन श्रीनगर पहुंचे। 26 अक्टूबर को कैबिनेट की रक्षा कमिटी की मीटिंग हुई जिसके बाद सैनिकों की दो टुकड़ियों को भेजने का फैसला लिया गया। 27 अक्टूबर को प्रशासकीय प्रमुख और राज्य विभाग के सचिव वी.पी. मेनन विलय का पत्र लेकर दिल्ली लौटे।

7 . देश में अब केंद्रशासित प्रदेशों की संख्या कितनी हो जाएगी और राज्यों की संख्या कितनी रह जाएगी?

क. 7, 20

ख. 9,28

ग. 11,26

घ. 13, 29

उत्तर- 7 . (ख) 9, 28

भारत में पहले से 7 केंद्रशासित प्रदेश हैं। उनके नाम अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, दादर और नगर हवेली, लक्षद्वीप, पुडुचेरी, चंडीगढ़, दमन एवं दीव और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली है। जम्मू-कश्मीर के पुनर्गठन के बाद जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के रूप में 2 केंद्रशासित प्रदेश बढ़ने के साथ इसकी संख्या 9 हो जाएगी। जम्मू-कश्मीर के दो केंद्रशासित प्रदेश बन जाने से राज्यों की संख्या एक कम हो जाएगी। यानी अब राज्यों की संख्या 28 रह जाएगी।

यह भी देखें... J&K पुनर्गठन बिल 2019 पर समर्थन न देने से सोशल मीडिया पर ट्रोल हुई कांग्रेस

8 . आर्टिकल 35-ए को कब संविधान में जोड़ा गया था?

क. साल 1954

ख. साल 1957

ग. साल 1947

घ. साल 1948

उत्तर- 8 . (क) साल 1954

35ए को 1954 में इसे राष्ट्रपति के आदेश के माध्यम से संविधान में जोड़ा गया था। आर्टिकल 35ए जम्मू-कश्मीर विधानसभा को राज्य के 'स्थायी निवासी' की परिभाषा तय करने का अधिकार देता है। इसके तहत जम्मू-कश्मीर के नागरिकों को कुछ खास अधिकार दिए गए थे।

9 . अब देश का सबसे बड़ा केंद्रशासित प्रदेश कौन होगा?

क. चंडीगढ़

ख. दादर और नगर हवेली

ग. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली

घ. जम्मू-कश्मीर

उत्तर- 9 . (घ) जम्मू-कश्मीर

अब जम्मू-कश्मीर देश का सबसे बड़ा केंद्रशासित प्रदेश होगा।

यह भी देखें... लखनऊ : J&K से आर्टिकल 370 के हटाए जाने पर खुशियां मनाता किन्नर समुदाय

10. जम्मू-कश्मीर को कितने केंद्र शासित प्रदेशों में बांटा जाएगा?

क. 2

ख. 3

ग. 4

घ. 5

उत्तर- 10 . (क) 2

जम्मू-कश्मीर को अब दो केंद्रशासित प्रदेशों में बांटा जाएगा। जम्मू-कश्मीर एक केंद्रशासित प्रदेश होगा जिसमें दिल्ली की तरह विधानसभा होगी। लद्दाख एक अलग केंद्र शासित प्रदेश होगा जहां अपनी विधानसभा नहीं होगी। अब जम्मू-कश्मीर विधानसभा की अवधि पहले के 6 साल की बजाय 5 साल होगी।

Vidushi Mishra

Vidushi Mishra

Next Story