Amit Shah in Bihar: नीतीश को हर 3 साल में PM बनने का सपना आता है, तेजस्वी की ताजपोशी की तारीख भी बताएं: अमित शाह

Amit Shah Bihar Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज बिहार में नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला। कहा, ये लालटेन से जो लौ उठी है, उसमें पूरा बिहार धधक रहा है।

Written By :  aman
Update: 2023-02-25 11:19 GMT

Amit Shah (Social Media)

Amit Shah Bihar Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) शनिवार (25 फरवरी) को बिहार दौरे पर हैं। पश्चिम चंपारण (West Champaran) के बेतिया में एक रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, 'बिहार में कानून-व्यवस्था का बुरा हाल है। नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने बिहार का बंटाधार कर दिया। अमित शाह ने बिहार सरकार की दुखती रग पर हाथ रखते हुए नकली शराब से लोगों की मौत का मुद्दा उठाया। बोले, शराबबंदी के बावजूद लोग नकली शारब से दम तोड़ रहे हैं।

अमित शाह के निशाने पर नीतीश ही रहे। उन्होंने कहा, नीतीश कुमार को हर तीन साल में प्रधानमंत्री बनने का सपना आता है। नीतीश बाबू 'आयाराम-गयाराम' में लगे रहते हैं। आज वो 'जंगलराज' वालों के साथ बैठे हैं। शाह ने यहां खुलकर ऐलान किया कि, नीतीश के लिए अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) के दरवाजे बंद हैं।'

शाह बोले- राज्य में मर्डर, किडनैपिंग, डकैती बढ़ी

केंद्रीय गृह मंत्री ने बिहार की कानून व्यवस्था पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, 'नीतीश बाबू के शासन में अपराध एक बार फिर चरम पर है। राज्य में मर्डर, किडनैपिंग, डकैती के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। जो पत्रकार इस पर खुलकर बोलता-लिखता है उसकी हत्या कर दी जाती है। शाह ने पॉपुलर फ्रंट ऑफ़ इंडिया (PFI) की बिहार में शाखाओं पर भी निशाना साधा। कहा, PFI जैसे संगठन बिहार में अपनी पैठ बना रहे थे। मगर, नीतीश कुमार की सरकार चुप रही। मोदी जी ने पीएफआई पर बैन लगाकर पूरे देश को सुरक्षा प्रदान की।'

'आप विकासवादी से अवसरवादी बन गए'

अमित शाह का हमला जारी रहा। वो यहीं नहीं रुके। शाह ने अपने संबोधन में कहा, 'नीतीश बाबू आप प्रधानमंत्री बनने के लिए 'विकासवादी' से 'अवसरवादी' बन गए। आप कांग्रेस (Congress) और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के शरण में चले गए। उन्होंने कहा, नीतीश बाबू की पीएम बनने की लालसा ने ही बिहार का बंटाधार कर दिया। बिहार में आज जो 'जंगलराज' है, उससे मुक्ति पाने का एकमात्र रास्ता 2024 में बीजेपी की सरकार बनाकर मोदी जी को एक बार फिर प्रधानमंत्री बनाना है।'

'ये लालटेन से जो लौ उठी है...'

शाह ने रैली में अपने भाषण में आगे कहा, 'ये लालटेन से जो लौ उठी है, उसमें पूरा बिहार धधक रहा है। नीतीश कुमार में अब वो हिम्मत नहीं है, जो लालटेन की लौ को बुझाए। उन्होंने कहा, मैं बिहार की जनता को कहने आया हूं कि इस बार इन्हें (नीतीश कुमार) ऐसा सबक सिखाना कि बिहार में दल बदलने वाले चुप हो जाएं।'

बिहार में कब पूरी तरह 'जंगलराज' कायम होगा

अमित शाह बोले, बिहार में पूर्ण बहुमत से बीजेपी की सरकार बनेगी। इसकी शुरुआत 2024 के लोकसभा चुनाव से होगी। उन्होंने कहा, नीतीश कुमार ने लालू के बेटे को मुख्यमंत्री बनाने का समझौता किया है। जिसे लेकर राजद वाले आश्वस्त हैं। शाह ने कहा, नीतीश कुमार को ये भी बता देना चाहिए कि, कब बिहार में पूरी तरह 'जंगलराज' कायम होगा।  

तेजस्वी के ताजपोशी की तारीख भी बताएं : शाह

अमित शाह ने कहा कि लोकतंत्र में पारदर्शिता होनी चाहिए। नीतीश कुमार ने वादा किया है तो तारीख भी बताएं कि तेजस्वी का कब बिहार का मुख्यमंत्री बना रहे हैं। आरजेडी के विधायक रोज इसकी मांग कर रहे हैं।

Tags:    

Similar News