Bihar News: बिहार में अपराधी हुए बेलगाम, गया में जदयू नेता को गोलियों से भूना

Bihar News: बिहार में एकबार फिर अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। अब यहां पर अपराधियों ने जदयू नेता को उनके घर के सामने गोलियों से भून दिया। इस घटना में जिले के जदयू उपाध्यक्ष सुनील सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

Update: 2023-02-11 05:45 GMT

बिहार घटना की प्रतिकात्मक तस्वीर (फोटों: सोशल मीडिया)

Bihar News: बिहार में एकबार फिर अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। पिछले कुछ समय से राज्य के लगभग हर कोने से अपराध की छोटी-बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। राजधानी पटना तक में लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। ताजा मामला गया जिले का है। यहां पर अपराधियों ने जदयू नेता को उनके घर के सामने ही गोलियों से भून दिया। इस घटना में जिले के जदयू उपाध्यक्ष सुनील सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात शुक्रवार रात की है।

सुनील सिंह ने तोड़ दम

मिली जानकारी के मुताबिक, 52 सिंह कल रात जन्मदिन पार्टी से वापस घर लौट रहे थे। उन्होंने घर के दरवाजे पर खड़े होकर अपनी पत्नी को आवाज दी। इतनी ही देर में पीछे से बदमाशों ने जदयू नेता पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी फौरन घर से बाहर निकले। अस्पताल ले जाने से पहले ही सुनील सिंह दम तोड़ चुके थे।

घटना की जानकारी मिलने के बाद गया एसएसपी आशीष भारती, वजीरगंज डीएसपी अजय कुमार सहित कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके से चार खोखे बरामद किए हैं। मृतक जदयू नेता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

हत्या का शक भाई पर

मृतक जदयू नेता सुनील सिंह की संपत्ति को लेकर बड़े भाई तेज प्रताप सिंह से विवाद चल रहा था। पुलिस ने शक के आधार पर तेज प्रताप सिंह और उनकी पत्नी अंजलि सिंह को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। एसएसपी आशीष भारती ने कहा कि पूरे मामले की छानबीन जारी है, जल्द अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा। बता दें कि इससे पहले बुधवार को पटना में बदमाशों ने एक हॉस्टल संचालिका से लूटपाट की। अपराधी जब चेन लूटकर भाग रहे थे, तब उनका विरोध करने वालों पर गोली चला दी। इस घटना में चार लोग गोली लगने से जख्मी हो गए थे।

Tags:    

Similar News