बिहार ने दिग्गज नेता सदानंद सिंह का निधन, पूरे राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर
बिहार के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सदानंद सिंह का आज यानी 8 सितंबर को निधन हो गया।;
बिहार के दिग्गज कांग्रेस नेता सदानंद सिंह (फोटो- सोशल माीडिया)
Bihar News: बिहार के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सदानंद सिंह का आज यानी 8 सितंबर को निधन हो गया। कांग्रेस के ये दिग्गज नेता नौ बार विधायक, कई बार मंत्री और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रह चुके हैं। आज सदानंद सिंह ने दानापुर में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। कांग्रेसी नेता कई दिनों से तबीयत खराब होने की वजह से अस्पताल में भर्ती थे। अब पूरे राजनीतिक गलियारे में सदानंद सिंह के निधन से बिहार के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर छाई हुई है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता सदानंद सिंह भागलपुर जिले के कहलगांव विधानसभा से नौ बार विधायक रहे हैं। वे एक बार बिहार विधानसभा के अध्यक्ष भी रहे। वे लगभग 10 साल कांग्रेस विधायक दल के नेता के पद पर रहे। वह बिहार सरकार में सिंचाई और ऊर्जा राज्यमंत्री रह चुके थे। कांग्रेस के ये कद्दावर नेता बीते दो महीने से बीमार थे। वे पटना के अस्पताल में भर्ती थे।
बिहार में कांग्रेस के सबसे बड़े जमीनी नेता
सदानंद सिंह के निधन की खबर से शोक संदेशों की बाढ़ आ गई। बता दें, सदानंद सिंह बिहार में कांग्रेस के सबसे बड़े जमीनी नेता थे। वह कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के अलावा वर्ष 2000 से 2005 तक बिहार विधानसभा के अध्यक्ष भी रहे।
सदानंद सिंह के निधन पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने एक ट्वीट करते हुए गहरा दु:ख जाहिर किया है। उन्होंने लिखा कि आज मेरे पुराने साथी ने मेरा साथ छोड़ दिया। सदानंद बाबू हमें छोडकर चले गए। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति और परिजनों को दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
तेजस्वी यादव ने वरिष्ठ नेता सदानंद सिंह के निधन पर गहरा दु:ख जताया है। तेजस्वी ने एक ट्वीट में कहा कि बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री श्री सदानंद सिंह जी के निधन पर गहरी शोक-संवेदना व्यक्त करता हूं। उनका लंबा सामाजिक-राजनीतिक अनुभव रहा। वो एक कुशल राजनेता थे। ईश्वर से उनकी आत्मा को शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।
बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ.मदन मोहन झा ने सदानंद सिंह के निधन पर द:ख जताते हुए कहा कि बिहार के सर्वमान्य नेता, कांग्रेस के योद्धा, मेरे पिता तुल्य सदानंद सिंह जी का आज स्वर्गवास हो गया। एक राजनीतिक युग का अवसान हुआ है। आपका हँसता हुआ चेहरा हमेशा याद आएगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार को इस असहनीय दुःखद घड़ी को सहने की शक्ति दे।