Samastipur Firing: बिहार में जंगलराज रिटर्न ! समस्तीपुर कोर्ट कैंपस में फायरिंग, दो कैदियों को मारी गोली

Firing in Samastipur Court Campus: विचाराधीन कैदियों पर गोली चलाने वाले अपराधी मौके से फरार हो गए। दोनों कैदियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली चलने के बाद अफरा तफरी मच गई।

Update: 2023-08-26 11:29 GMT
Firing in Samastipur Court Campus (Social media)

Samastipur Firing: बिहार में इन दिनों 'जंगलराज' की वापसी जैसे हालात नजर आ रहे हैं। हाल के दिनों में बिहार में अपराध की घटनाओं में खासा इजाफा हुआ है। समस्तीपुर की एक अदालत का परिसर शनिवार (26 अगस्त) को गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। बेखौफ अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए दो कैदियों पर गोलियां बरसा दी।

इस वारदात को उस वक़्त अंजाम दिया गया जब विचाराधीन कैदी प्रभात चौधरी और प्रभात तिवारी को कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था। इसी दौरान अपराधियों ने दोनों को गोली मार दी। गोली चलने के बाद अदालत परिसर में अफरातफरी का माहौल रहा। दोनों घायल कैदियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, गोली चलाने वाले बदमाश मौके से फरार हो गए। ये घटना समस्तीपुर व्यवहार न्यायालय कैम्पस की है।

दोनों कैदी अस्पताल में भर्ती, SP-DSP पहुंचे

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैदी प्रभात चौधरी के जांघ में गोली लगी है। वहीं, एक अन्य कैदी के हाथ में गोली लगी। दोनों आज पेशी के लिए अदालत आए गए थे। घटना के बाद कैदी के साथ चल रहे पुलिसकर्मियों ने हालात संभाले। आनन-फानन में दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती करवाया। सूचना मिलते ही नगर और मुफस्सिल थाना पुलिस सहित डीआईयू की टीम भी मौके पर पहुंची। मुख्यालय DSP अमित कुमार, एसपी विनय तिवारी (SP Vinay Tiwari) भी घटनास्थल पहुंचे हैं। अस्पताल जाकर उन्होंने कैदियों से भी पूछताछ की।

शराब मामले में गए हैं जेल

प्रत्यक्षदर्शियों ने भी पुलिस को अन्य जानकारी दी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना के संबंध में जो जानकारी सामने आई है उसके मुताबिक, शराब मामले में दोनों कैदी जेल में बंद थे। 26 अगस्त को उन्हें पेशी के लिए कोर्ट लाया गया। पुलिस जब उन्हें लेकर पहुंची तो 4 की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने प्रभात चौधरी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। जिसमें एक गोली उसके जांघ में और एक गोली दूसरे कैदी के हाथ में लगी। घटना के बाद सभी बदमाश अदालत परिसर से पैदल ही मुख्य गेट के रास्ते भाग निकले।

क्या बताया SP ने?

समस्तीपुर के एसपी विनय तिवारी ने मीडिया को बताया कि, 'कुछ दिन पहले एक कुख्यात शराब माफिया प्रभात चौधरी को 6 महीने की कड़ी मशक्क्त के बाद STF ने गिरफ्तार किया था। न्यायिक हिरासत में उसे जेल भेज दिया गया था। इसी केस की सुनवाई के लिए आज कोर्ट लाया गया था। आज पेशी के दौरान 4 बदमाशों ने प्रभात चौधरी को टारगेट कर फायरिंग की। गोली उसके पैर में लगी। उसके साथ एक अन्य व्यक्ति को भी गोली लगी है। सदर DSP के नेतृत्व में एक SIT का गठन किया गया है। बदमाशों की पहचान हो चुकी है।'

Tags:    

Similar News