Bharat Band : खत्म हुआ किसानों का प्रदर्शन, राकेश टिकैत ने कहा- सफल रहा हमारा 'भारत बंद'

Bharat Band: नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संगठनों ने सोमवार को भारत बंद का एलान किया है। यह बंद शाम 4 बजे तक जारी रहेगा।

Published By :  Shreya
Update: 2021-09-27 06:50 GMT

लखनऊ में किसानों का प्रदर्शन (फोटो- न्यूजट्रैक, आशुतोष त्रिपाठी)

Bharat Band: नए कृषि कानूनों (New Farm Laws) के खिलाफ किसान संगठनों ने सोमवार को भारत बंद का एलान किया है। यह बंद आज सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक जारी रहेगा। किसानों के भारत बंद को देखते हुए दिल्ली, उत्तर प्रदेश और आसपास इलाकों की पुलिस अलर्ट पर है। 

Bharat Band LIVE Update

Live Updates
2021-09-27 12:48 GMT

राकेश टिकैत बोले-

भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने कहा, ‘हमारा ‘भारत बंद’ सफल रहा. हमें किसानों का पूरा समर्थन मिला… हम सब कुछ सील नहीं कर सकते क्योंकि हमें लोगों की आवाजाही का भी ध्यान रखना है. हम सरकार से बातचीत के लिए तैयार हैं, लेकिन कोई बातचीत नहीं हो रही.’

2021-09-27 11:44 GMT

गोरखपुर में भारत बंद के समर्थन में उतरे किसान संगठन

Gorakhpur : कृषि कानूनों को रद्द किए जाने की मांग को लेकर किसान संगठनों द्वारा घोषित भारत बंद का बाजारों पर तो असर नहीं दिखा । लेकिन संगठनों ने अपनी मांगों को पुरजोर तरीके से रखा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बंद की घोषणा को देखते हुए जबरदस्त तैयारियां कर रखी थी। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया था। खुद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नज रखे हुए थे। कचहरी, गोलघर चौराहे पर पहुंच कर किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने जाम लगाने की कोशिश की। इस दौरान किसान संगठन के लोगों की पुलिस के साथ धक्का मुक्की भी हुई।

गोरखपुर में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने सतीश ओझा के नेतृत्व में जिला परिषद रोड पर प्रदर्शन किया। वहीं संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर गोरखपुर में संयुक्त वामदल, भारतीय किसान यूनियन, लोकतांत्रिक जनता दल, राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकर्ता ने कृषि कानूनों को लेकर विरोध किया। किसानों ने तीनों कृषि कानून रद्द करो, चारों श्रम संहीता रद्द करो, बिजली बिल 2020 वापस लो, योगी मोदी सरकार मुर्दाबाद आदि का नारा लगाते हुए विरोध किया। नगर निगम पार्क में कार्यकर्ताओं की पुलिस फोर्स के साथ धक्का मुक्की भी हुई। भाकपा माले के जिला सचिव राजेश साहनी ने कहा कि किसान आंदोलन जन आंदोलन बन गया है। खेती बचाने का मुद्दा अब राजनीतिक हो गया है। आम जनता महंगाई बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से त्रस्त है। भारतीय किसान यूनियन समाज के प्रदेश अध्यक्ष लाल सिंह ने कहा कि मोदी सरकार में किसान मजदूर सब तबाह हैं।महंगाई बेरोजगारी ने लोगों का कमर तोड़ दी है। 2022 में जनता इस सरकार को उखाड़ फेंकेगी।

सभा को संबोधित करते हुए भाकपा के राममूर्ति एवं लोकतांत़िक जनता दल के प्रदेश महासचिव गौतम लाल श्रीवास्तव ने कहा कि योगी की सरकार अब तक गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं कर पाई है। अब जब चुनाव सिर पर है तो 25 रुपये बढ़ोतरी का झुनझुना पकड़ाया जा रहा है। बेरोजगारी, बेकारी, महंगाई, भ्रस्टाचार चरम पर है। किसान और नौजवान केंद्र एवं प्रदेश सरकार की गलत नीतियों के कारण परेशान एवं बेहाल है। आने वाले समय मे किसान और नौजवान लामबंद होकर सरकार को उखाड़ फेकेंगे। 

2021-09-27 11:17 GMT

लखनऊ में किसानों के प्रदर्शन की देखें तस्वीरें-







 


 


 


2021-09-27 11:03 GMT

लखनऊ में किसानों का प्रदर्शन

भारतीय किसान यूनियन के भारत बंद के आवाहन पर सुल्तानपुर रोड पर प्रदर्शन करते किसान।



2021-09-27 10:51 GMT

सीतापुर में नहीं दिखा भारत बंद का असर

यूपी के सीतापुर में भारत बंद का असर नहीं दिखाई दिया। संयुक्त किसान मोर्चा के द्वारा 27 सितंबर को भारत बंद करने का निर्णय लिया गया था। जिसके बाद किसान नेताओं ने लाउडस्पीकर के माध्यम से मार्केट में घूम घूम कर व्यापारियों और दुकानदारों से अपील की थी कि 27 सितंबर को सभी अपने प्रतिष्ठानों को बंद रखें । लेकिन सीतापुर जिले में भारत बंद का असर नहीं दिखाई दिया। लोगों ने अपने-अपने प्रतिष्ठान खुले रखे।

2021-09-27 10:18 GMT

भारत बंदः मेरठ में भाकियू कार्यकर्ताओं ने लगाया जाम

कृषि कानूनों के विरोध में किसान संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर भारत बंद के तहत मेरठ के विभिन्न हाईवे किसानों ने जाम कर दिए। मोदीपुरम में जाम में स्कूली बच्चों की बस में फंस गई। जिससे बच्चे परेशान हुए हैं। बाद में रूट डायवर्ट करके बस को निकाला गया।

भारत बंद के दौरान आज मेरठ में भाकियू द्वारा एक दर्जन से अधिक स्थानों पर चक्का जाम किया गया। शिवाय टोल प्लाजा पर भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने नारेबाजी करते हुए चक्का जाम लगा दिया है। टोल प्लाजा पर चक्का जाम को देखते हुए पुलिस भी तैनात है। किसान टोल प्लाजा से वाहनों को निकलने नहीं दे रहे हैं।

2021-09-27 10:14 GMT

सोनभद्र में किसानों का प्रदर्शन

Sonbhadra : भारत बंद के समर्थन में किसानों ने किया बाजार का बहिष्कार, कलेक्ट्रेट जा रहे किसानों को पुलिस ने रोका। अधिवक्ता रहे न्यायिक कार्य से विरत। किसानों ने प्रदर्शन कर हुए बुलंद की आवाज।

2021-09-27 09:34 GMT

आज यूपी के अलग अलग जिलों में भारत बंद का असर देखने को मिल रहा है। राजधानी लखनऊ में भी बंद के समर्थन में प्रदर्शन किया गया। आजाद भारतीय किसान यूनियन के समर्थकों ने भी भारत बंद को अपना समर्थन देते हुए प्रदर्शन किया। यहां देखें फोटोज 

Delete Edit


2021-09-27 09:25 GMT

सपा के गढ़ में भारत बन्द का कोई असर नहीं

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के गृह जनपद इटावा, मैनपुरी, एटा, इत्यादि जिलों में इस भारत बंद का कोई असर अब तक नहीं देखा गया है। हालाँकि यह बात है अलग है कि सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किसान यूनियन के आज के भारत बंद को सपा समर्थन देने का ट्वीट किया है। 


2021-09-27 09:23 GMT

वेस्ट यूपी के इन जिलों में है भारत बंद का असर

वेस्ट यूपी के मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, लखीमपुर खीरी बदायूं, पीलीभीत, शाहजहाँपुर, हापुड़, बागपत, मेरठ, मुरादाबाद में जिलों में बंद का व्यापक़ असर देखा जा रहा है। जबकि अलीगढ़ के व्यापार मंडल ने भारतीय किसान यूनियन के भारत बंद को अपना समर्थन नहीं दिया है। अलीगढ़ के शहर व अन्य तहसीलों में इस भारत बंद का कोई असर नहीं है।

Tags:    

Similar News