Tokyo Olympics: सिल्वर मेडल के साथ घर पहुंचीं मीराबाई चानू

टोक्यो ओलिंपिक में सिल्वर मेडल जीतकर मीराबाई चानू आज मणिपुर वापस पहुंच गई...

Newstrack :  Network
Published By :  Ragini Sinha
Update: 2021-07-27 17:19 GMT

सिल्वर मेडल जीतकर घर पहुंचीं मीराबाई चानू ( ANI)

Tokyo Olympics 2020: टोक्यो ओलिंपिक में सिल्वर मेडल जीतने वाली मीराबाई चानू आज मणिपुर वापस पहुंच गई। इम्फाल एयरपोर्ट पर चानू का भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर मीराबाई की मां भी मौजूद थीं. जैसे ही मीराबाई अपने मां से गले लगीं, वो भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू बहने लगे।

मुख्यमंत्री बिरेन सिंह ने मीराबाई को दी बधाई

 मुख्यमंत्री नोंगथोमबाम बिरेन सिंह ने कहा, 'आपको मणिपुर में वापस पाकर राज्य में हर कोई बेहद खुश है। टोक्यो ओलंपिक में आपकी उपलब्धि कोई मामूली उपलब्धि नहीं है और हमें आप पर बहुत गर्व है।'

रेल मंत्रालय ने मीराबाई को किया सम्मानित

खेल के अलावा रेल मंत्रालय ने भी इस स्टार वेटलिफ्टर को सम्मानित किया था। मीराबाई रेलवे की तरफ से खेलती हैं. इस मौके पर रेल मंत्री अश्विन वैष्णव ने मीराबाई को दो करोड़ का नगद पुरस्कार देने के साथ ही उनके प्रमोशन की घोषणा की थी।

मीराबाई चानू को मणिपुर सरकार एएसपी बनाएगी

इधर, मणिपुर सरकार ने भी चानू को एक करोड़ रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने घोषणा की है कि मीराबाई को राज्य पुलिस विभाग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) के रूप में नियुक्त किया जाएगा। सिंह ने कहा कि 49 किलोग्राम वर्ग में सिल्‍वर मेडल जीतने वाली इस ओलंपियन के पास अब अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (खेल) का पद होगा।

पहले दिन ही मीराबाई ने वेटलिफ्टिंग में 49 किलो भार वर्ग में सिल्वर मेडल जीता

मीराबाई ने टोक्यो ओलंपिक के पहले दिन ही वेटलिफ्टिंग के 49 किलो भार वर्ग में सिल्वर मेडल जीता था। इस कामयाबी के बाद मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने मीराबाई से वीडियो कॉल पर बात कर उन्हें इस ऐतिहासिक सफलता की बधाई दी थी। मणिपुर आने से पहले मीराबाई का दिल्ली में खेल मंत्रालय ने स्वागत किया था। इस मौके पर पूर्व खेल मंत्री किरन रिजिजू भी मौजूद थे।

Tags:    

Similar News