Price Rise: केंद्र ने बढ़ती महंगाई का ठीकरा अंतराष्ट्रीय कारणों पर फोड़ा, पीयूष गोयल ने कही ये बात

Price Rise: देश में महंगाई को लेकर मचे त्राहिमाम के बीच केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने देश में बढ़ती महंगाई का ठीकरा अंतराष्ट्रीय कारणों पर फोड़ा हैं।

Published By :  Shashi kant gautam
Update: 2022-04-13 12:42 GMT

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल: Photo - Social Media

New Delhi: बीते दो सालों से कोरोना महामारी (corona pandemic) के दंश से हलकान जनता अब महंगाई के झटके से परेशान है। रोजमर्रा के चीजों की लगातार बढ़ रही कीमतों ने निम्न और मध्य आय वर्ग के लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। देश में महंगाई को लेकर मचे त्राहिमाम के बीच केंद्र सरकार (central government) की प्रतिक्रिया आई है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल (Union Minister Piyush Goyal) ने देश में बढ़ती महंगाई का ठीकरा अंतराष्ट्रीय कारणों पर फोड़ा हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि महंगाई आज एक वैश्विक समस्या है। रूस और यूक्रेन (Russia and Ukraine War) के बीच चल रहे युद्ध भी इसका एक कारण है। उन्होंने दावा किया कि विपरित परिस्थितियां होने के बावजूद केंद्र सरकार ने महंगाई को कंट्रोल किया है। लगातार आसमान छू रहे खाद्य तेल की कीमतों पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसे जल्द ठीक कर लिया जाएगा।

80 करोड़ लोगों को मिला अनाज

केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कोरोना महामारी के दौरान मोदी सरकार (Modi government) द्वारा शुरू किए गए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (Prime Minister Garib Kalyan Anna Yojana) की तारीफ में कसीदे पढ़ते हुए कहा कि लगभग 25 माह के अंतराल में 80 करोड़ लोगों को 5 किलो अन्न देने का काम किया गया, इसके अलावा एक हजार टन अनाज मुफ्त में पहुंचाया गया। ये नेशनल फूड सिक्योरिटी के अंतर्गत जो काम किया गया उससे अलग है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान ऐसा लगता था कि भारत कैसे अपने लोगों का ख्याल रख पाएगा, मगर पीएम मोदी ने सबका ध्यान रखा, विशेषकर प्रवासी भाई –बहनों का पूरा ख्याल रखा गया।

IMF ने केंद्र के काम को सराहा

पीय़ूष गोयल ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान मोदी सरकार द्वारा किए गए कार्यों का लोहा अंतराष्ट्रीय समुदाय भी मान रहा है। अंतराष्ट्रीय मुद्दा कोष (IMF) ने पूरा आकलन करते हुए बताया कि भारत में जो फ्री में राशन दिया गया है, उससे देश में असमानता और गरीबी कम हुई है।

बता दें कि देश में बेकाबू महंगाई को लेकर जनता में काफी नाराजगी है। ईंधन से लेकर फल और सब्जियों के दामों में जिस तरह से इजाफा हुआ है, उसे लेकर निम्न और मध्य वर्ग में काफी नाराजगी है। विपक्ष भी लगातार सरकार पर निशाने साध रहा है।

taza khabar aaj ki uttar pradesh 2022, ताजा खबर आज की उत्तर प्रदेश 2022

Tags:    

Similar News