UP के नगर निकायों में विभिन्न पदों पर जल्द शुरू होंगी भर्तियां

Update: 2016-05-14 11:50 GMT

लखनऊ : यूपी के नगर निकायों में अधिशासी अधिकारी से लेकर टैक्स इंस्पेक्टर तक के करीब 1500 पदों पर जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू होने वाली है। इन खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) के स्थान पर नगर विकास विभाग करेगा। इस प्रस्ताव को जल्द ही कैबिनेट बाई सर्कुलेशन मंजूरी मिल सकती है।

यूपी के 634 नगर निकायों में अधिशासी अधिकारी, टैक्स इंस्पेक्टर, सहायक लेखाकार, लेखाधिकारी, अवर अभियंता, सहायक अभियंता और मोहर्रिर के खाली पदों पर भर्ती का अधिकार यूपीएसएसएससी को दे दिया गया था। आयोग अभी तक इन पदों पर भर्तियां नहीं कर पाया है। इससे नगर निकायों का काम प्रभावित हो रहा है।

नगर विकास विभाग ने इन पदों पर भर्ती का अधिकार विभाग को देने का अनुरोध किया था। सूत्रों का कहना है जल्द ही इस प्रस्ताव को कैबिनेट बाई सर्कुलेशन से मंजूरी के बाद नगर विकास विभाग को भर्ती का अधिकार दे दिया जाएगा। इसी तरह अटल मिशन में होने वाले कामों के लिए फंडिंग पैटर्न और रामपुर में उद्यान विभाग को सौंदर्यीकरण कार्य के लिए नगर विकास विभाग को देने संबंधी प्रस्ताव को भी मंजूरी मिल सकती है।

Tags:    

Similar News