Oscar Awards 2023: दीपिका पादुकोण की शानदार उपलब्धि, बनीं ऑस्कर अवार्ड प्रेजेंटर

Oscar Awards 2023: दीपिका दुनिया के उन चुनिंदा लोगों में से एक हैं जो ऑस्कर अवार्ड समारोह में पुरस्कार प्रदान करेंगे। इससे पहले भी कई बार प्रमुख मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व किया है।

Written By :  Neel Mani Lal
Update: 2023-03-03 05:03 GMT

Deepika Padukone (सोशल मीडिया)  

Oscar Awards 2023: बॉलीवुड स्टार दीपिका पादुकोण को ऑस्कर 2023 में प्रस्तुतकर्ता के रूप में चुना गया है। दीपिका ने इंस्टाग्राम पर सभी प्रस्तुतकर्ताओं के नामों के साथ एक पोस्ट साझा की है। अवार्ड सेरेमनी को संचालित करने वालों की सूची में ड्वेन जॉनसन, माइकल बी जॉर्डन, रिज अहमद, एमिली ब्लंट, ग्लेन क्लोज, ट्रॉय कोत्सुर, ड्वेन जॉनसन, जेनिफर कोनेली, सैमुअल एल जैक्सन, मेलिसा मैककार्थी, जो सलदाना, डॉनी येन, जोनाथन मेजर्स और क्वेस्टलोव जैसे स्टार भी शामिल हैं।

दीपिका पादुकोण हर कदम पर भारत को गौरवान्वित कर रही हैं और देश को बार-बार वैश्विक मानचित्र पर ला रही हैं। अब वह मनोरंजन उद्योग में प्रतिभा की सराहना के लिए दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित अकादमी पुरस्कार, 2023 में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए पूरी तरह तैयार है। दीपिका दुनिया के उन चुनिंदा लोगों में से एक हैं जो समारोह में पुरस्कार प्रदान करेंगे। दीपिका ने पहले भी कई बार प्रमुख मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व किया है। उन्हें कान्स फ़िल्म फेस्टिवल की जूरी में एकमात्र भारतीय के रूप में चुना गया था। उन्होंने फीफा विश्व कप ट्रॉफी का अनावरण किया था। दुनिया के सबसे बड़े लक्जरी ब्रांड के पहले चेहरे के रूप में उनको साइन किया गया था।

12 मार्च को है समारोह

95वां अकादमी पुरस्कार समारोह 12 मार्च (भारत में 13 मार्च) को लॉस एंजिल्स के डॉली थिएटर में आयोजित किया जाएगा। ऑस्कर में भारत के लिए यह एक विशेष वर्ष है। इस बार, केवल एक नहीं, बल्कि तीन महत्वपूर्ण भारतीय फिल्में प्रतिष्ठित ऑस्कर अवार्ड्स 2023 के नामांकन के लिए प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। शौनक सेन की ऑल दैट ब्रीथ्स को बेस्ट डॉक्यूमेंट्री फीचर फिल्म और गुनीत मोंगा की द एलिफेंट व्हिस्परर्स को बेस्ट डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट के लिए नॉमिनेट किया गया है।

आरआरआर ने 'नातु नातु' के लिए सर्वश्रेष्ठ मूल गीत श्रेणी में नामांकन प्राप्त किया है, जिसने इस वर्ष की शुरुआत में उसी श्रेणी में गोल्डन ग्लोब पुरस्कार जीता था। एसएस राजामौली, एमएम कीरावनी और राम चरण पुरस्कार समारोह में शामिल होंगे। समारोह में राहुल सिप्लिगुंज और काल भैरव, ऑस्कर नामांकित गीत का प्रदर्शन करेंगे।

Tags:    

Similar News