भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह आज प्रशांत किशोर की पार्टी में होंगी शामिल, लड़ेंगी चुनाव

Akshara Singh: भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह अब राजनिति में कदम रखने जा रही हैं। आज वह प्रशांत किशोर की पार्टी 'जनसुराज' में शामिल होंगी।

Written By :  Ruchi Jha
Update: 2023-11-27 06:37 GMT

Akshara Singh (Image Credit: Social Media)

Akshara Singh: भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह इन दिनों काफी चर्चा में है। एक्ट्रेस भोजपुरी इंडस्ट्री के साथ-साथ हिंदी इंडस्ट्री में भी अपना जलवा दिखा रही हैं और अब अक्षरा सिंह बिहार की राजनीति में भी कदम रखने जा रही हैं। जी हां...आपने बिल्कुल सही सुना है। एक्ट्रेस चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की पार्टी 'जनसुराज' का दामन थाम सकती है। बताया जा रहा है कि आज वो पार्टी की सदस्यता लेंगी। इससे पहले उन्होने प्रशांत किशोर से मुलाकात की थी, जिसके बाद पार्टी में शामिल होने का फैसला लिया गया है। खबरों की मानें, तो 2024 के लोकसभा चुनाव में अक्षरा सिंह पार्टी की प्रत्याशी हो सकती है और उन्हे सांसदी का टिकट भी मिल सकता है।

अक्षरा सिंह लड़ेंगी चुनाव?

खबरों के अनुसार, अक्षरा सिंह ने प्रशांत किशोर से प्रभावित होकर उनकी पार्टी की सदस्यता लेने का निर्णय लिया है। बता दें कि प्रशांत किशोर बिहार में जनसुराज यात्रा निकाल रहे हैं और गांवों-गांवों में घूम-घूमकर लोगों को राजनीति को लेकर जागरुक कर रहे हैं। इसी के साथ प्रशांत किशोर जमकर बिहार की महागठबंधन सरकार से लेकर बीजेपी पर हमला बोल रहे हैं खासतौर पर उनका निशाना लालू यादव की पार्टी 'राजद' और नीतीश कुमार पर रहता है। वहीं अब बहुत जल्द अक्षरा सिंह भी प्रशांत किशोर की साथी बन जाएंगी।


भोजपुरी इंडस्ट्री का जाना-माना नाम हैं अक्षरा सिंह

बता दें कि अक्षरा सिंह भोजपुरी इंडस्ट्री का बहुत बड़ा नाम हैं और सोशल मीडिया पर छाई रहती हैं। अक्षरा सिंह ने 50 से ज्यादा भोजपुरी फिल्मों में काम किया है और वह अब तक रवि किशन, निरहुआ, खेसारी लाल यादव और पवन सिंह जैसे कई बड़े भोजपुरी स्टार्स के साथ फिल्में कर चुकी हैं। हालांकि, भोजपुरी के साथ-साथ अब अक्षरा सिंह हिंदी इंडस्ट्री में भी अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही हैं।


हाल ही में उनका एक हिंदी गाना रिलीज हुआ था, जिसे पंजाबी सिंगर बी प्राक ने गाया था। एक्ट्रेस का ये गाना यूट्यूब पर काफी हिट रहा था। खैर, अब देखना यह होगा कि क्या एक्टिंग के साथ-साथ अक्षरा सिंह राजनीति में अपना नाम बना पाती हैं या नहीं।

Tags:    

Similar News