Aaj Ka Mausam 5 May 2023: कई राज्यों में आंधी-तूफान के साथ होगी बारिश, यूपी में आज मौसम सूखा रहने की उम्मीद

Aaj Ka Mausam 5 May 2023Aaj Ka Mausam 5 May 2023: मौसम विभाग का कहना है कि आज भी देश के कई राज्यों में काफी तेज हवाओं के साथ बारिश होने की आशंका है।

Update: 2023-05-05 08:43 GMT
Aaj Ka Mausam 5 May 2023 (photo: social media )

Aaj Ka Mausam 5 May 2023: मई महीने के दौरान भी देश के कई राज्यों में मौसम खुशनुमा बना हुआ है। राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में हाल के दिनों में हुई बारिश के बाद लोगों को भीषण गर्मी से काफी निजात मिली है। मौसम विभाग का कहना है कि आज भी देश के कई राज्यों में काफी तेज हवाओं के साथ बारिश होने की आशंका है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है।

राजधानी दिल्ली में आज भी आसमान में बादलों का डेरा बना रहेगा और मौसम सुहाना रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिम भारत में 6 मई के बाद बारिश का नया दौर शुरू होने की उम्मीद जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में आज मौसम सूखा रहने की उम्मीद है। राजधानी लखनऊ में आज आसमान साफ रहने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

इन इलाकों में बिगड़ा रहेगा मौसम का मिजाज

दक्षिण भारत में अगले पांच दिनों तक आंधी-तूफान के साथ बारिश होने और बिजली कड़कने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 7 और 8 मई को बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। उत्तर पूर्वी भारत के राज्यों में भी राज्य हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में आज बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। असम और मेघालय में भी बारिश होने की आशंका है।

मौसम विभाग के मुताबिक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 7 और 8 मई को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 7 मई को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। हवाओं की रफ्तार बढ़कर 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग की ओर से मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे 7 मई से 9 मई के बीच बंगाल की खाड़ी में न जाएं।

उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 6 और 7 मई को आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की चेतावनी दी गई है। पंजाब और हरियाणा में 7 मई को ओलावृष्टि होने की आशंका है।

राजस्थान में आंधी-तूफान के साथ होगी बारिश

मौसम विभाग का कहना है कि राजस्थान में आज तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश होने की आशंका है। राज्य में चलने वाली तेज हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की हो सकती है। पंजाब,उपहिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, ओडिशा, असम और मेघालय, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, गुजरात, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। इन इलाकों में बिजली कड़कने और आंधी के साथ बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग का कहना है कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के साथ केरल और माहे में भी बारिश होने की संभावना है। इन प्रदेशों के कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

दिल्ली में रहेगा मौसम सुहाना

दिल्ली-एनसीआर के अधिकांश इलाकों में हाल के दिनों में हुई बारिश के बाद तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में आज भी बादल छाए रहेंगे और मौसम सुहाना बना रहेगा। राजधानी में आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पिछले 24 घंटे के दौरान दिल्ली में 30 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक जम्मू कश्मीर और तमिलनाडु में आज हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। बाकी पश्चिमी हिमालय और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। यहां के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी होने की आशंका जताई गई है। पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम, दक्षिण ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा, मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों और मध्य महाराष्ट्र में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

गंगीय पश्चिम बंगाल, केरल, दक्षिण भारत कर्नाटक, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और बिहार, झारखंड, आंतरिक ओडिशा, पंजाब, राजस्थान और गुजरात में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।

Tags:    

Similar News