Airforce Heritage Museum: वायु सेना विरासत केंद्र का आज उद्घाटन करेंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मंगलवार से आम लोगों को मिलेगी एंट्री

Airforce Heritage Museum: आजादी के बाद अब तक लड़े गए विभिन्न युद्धों में इंडियन एयरफोर्स की भूमिका पर लघु फिल्में भी दिखाई जाएंगी।

Update:2023-05-08 16:49 IST
Indian Airforce Heritage Centre

Airforce Heritage Museum: देश में इंडियन एयरफोर्स का पहला हेरिटेज म्यूजियम बनकर तैयार हो गया है। चंडीगढ़ के सेक्टर 18 में तैयार इस विरासत केंद्र का आज यानी सोमवार 8 मई को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उद्घाटन करेंगे। सिंह सुबह 10.45 बजे सेना के विशेष विमान से चंडीगढ़ टेक्निकल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वायु सेना विरासत केंद्र के अंदर पुराने एयरफोर्स के सभी विमान के मॉडल, मिसाइल, फाइटर जेट्स को प्रदर्शित किया गया है।

हेरिटेज म्यूजिमय में भारतीय वायुसेना ने इतने वर्षों में कितनी तरक्की की है, उन सभी चीजों को बहुत ही साधारण तकनीक और टेक्नोलॉजी के जरिए दिखाया गया है। इस केंद्र में लगभग 17 हजार वर्ग फुट क्षेत्र है जो विभिन्न युद्धों में भारतीय वायुसेना की भूमिका को दर्शाता है। इसके अलावा यहां आजादी के बाद अब तक लड़े गए विभिन्न युद्धों में इंडियन एयरफोर्स की भूमिका पर लघु फिल्में भी दिखाई जाएंगी।

रक्षा मंत्री का पूरा कार्यक्रम

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोमवार सुबह 10.45 बजे सेना के विशेष विमान से दिल्ली से चंडीगढ़ पहुंचेंगे। 11.45 बजे चंडीगढ़ के सेक्टर 18 में बने इस हेरिटेज म्यूजियम का उद्घाटन कर इसे आम लोगों को समर्पित करेंगे। इसके बाद रक्षा मंत्री एयरफोर्स फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन की शॉप विजिट करेंगे। फिर दोपहर 12.20 बजे केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे। इस दौरान पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित भी मौजूद रहेंगे।

मंगलवार से आम लोगों को मिलेगी एंट्री

चंडीगढ़ में नवनिर्मित इंडियन एयरफोर्स का पहला हेरिटेज म्यूजियम काफी भव्य है। इसका उद्घाटन भले आज हो रहा है लेकिन आम लोगों को यहां प्रवेश कल से मिलेगा। हालांकि, यहां आने के लिए मोबाइल ऐप से बुकिंग आज यानी सोमवार से ही शुरू हो जाएगी।

घूमने के लिए कितना करना होगा भुगतान ?

एयरफोर्स हेरिटेज सेंटर घूमने के लिए आपको अपनी जेब ढीली करनी होगी। यहां आने वाले लोग अगर सिमुलेटर पर फाइटर प्लेन उड़ाने का अनुभव लेना चाहेंगे तो उन्हें 295 रूपये फीस चुकानी होगी। केवल परिसर में घूमने के लिए 50 रूपये का टिकट कटाना होगा। 18 वर्ष से कम आयु वालों के लिए एंट्री फ्री है। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक यह खुला रहेगा।

हेरिटेज सेंटर में लोगों के घूमने के लिए तीन स्लॉट रखे गए हैं। तीनों स्लॉटो का समय सुबह 10 बजे, दोपहर 12 बजे और दोपहर 3 बजे होगा। हर स्लॉट में 25 लोगों को एंट्री दी जाएगी। इस हिसाब से एयरफोर्स हेरिटेज सेंटर में एक दिन में 75 लोग ही घूम सकेंगे।

Tags:    

Similar News