...तो क्या अखिलेश यादव ने झूठ बोला ! स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने सपा अध्यक्ष के दावे की बताई सच्चाई

Mansukh Mandaviya on Akhilesh Yadav: सपा चीफ अखिलेश यादव के यूरिया महंगे किए जाने के दावे पर मनसुख मांडविया ने इसे झूठ करार दिया। उन्होंने बताया, नीम कोटेड यूरिया की प्रति बैग कीमत जितनी थी, उतनी ही है। 

Report :  aman
Update: 2024-01-11 10:14 GMT

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया और अखिलेश यादव (Social Media) 

Mansukh Mandaviya on Akhilesh Yadav: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने यूरिया को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) पर निशाना साधा है। दरअसल, अखिलेश यादव के यूरिया महंगे (Akhilesh Yadav on Urea Price) किए जाने के दावे को मनसुख मांडविया ने झूठ करार दिया है।

मांडविया बोले- जितनी कीमत थी, उतने में ही मिलती है 

मनसुख मांडविया ने कहा, 'मैं ये स्पष्ट कर देता हूं कि नीम कोटेड यूरिया (Neem Coated Urea) की 45 किलोग्राम की प्रति बैग 266.50 रुपए में मिलती थी। हमेशा मिलती रहेगी। उन्होंने आगे कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'जय अनुसंधान' के नारे के साथ हमने किसानों के हित में नया सल्फर कॉटेड 'गोल्ड यूरिया' (Gold Urea) बनाया है। इसकी नई मात्रा और कीमत तय किए गए हैं, न कि किसी और के दाम बढ़ाए गए हैं।'

क्या कहा था अखिलेश ने?

आपको बता दें कि, सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर किसानों के शोषण का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि, 'यूरिया की बोरी वजन में घटकर अब 40 किलो की हो गयी है। किसान ये साधारण गणित अच्छे से समझता है कि, पहले 266.50 रुपये में 45 किलो यानी एक किलो यूरिया का दाम लगभग 5.92 रुपये पड़ता था, लेकिन अब 266.50 रुपये में 40 किलो यानी लगभग 6.66 किलो प्रति किलो पड़ेगा।' अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि, सरकार ने एक झटके में यूरिया 12 फीसद महंगा कर दिया है।

मंडाविया का अखिलेश पर तंज

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मंडाविया ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, कोरोना के वक़्त भी उन्होंने देश में बनी वैक्सीन पर सवाल उठाये थे। जिसे देश के नागरिक और हमारे वैज्ञानिक भूल नहीं पाए हैं। आज फिर से एक बार अखिलेश ने उन्हीं वैज्ञानिकों का मजाक उड़ाया है'।

'किसानों को गुमराह कर रहे अखिलेश'

मनसुख मांडविया ने आगे कहा कि, 'मुझे उम्मीद है कि अखिलेश यादव अब किसानों को गुमराह नहीं करेंगे। किसान हित में मिलकर काम करेंगे।' केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने इस बाबत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया है। 



Tags:    

Similar News