रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनते ही आतिशी ने की बड़ी मांग, बोलीं- पहली कैबिनेट में पास करें महिलाओं के लिए ₹2500 की सम्मान राशि
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने के बाद एक बड़ी मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि रेखा गुप्ता को अपनी पहली कैबिनेट बैठक में दिल्ली की महिलाओं के लिए ₹2500 की सम्मान राशि की योजना को पारित करना चाहिए।;
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने के बाद एक बड़ी मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि रेखा गुप्ता को अपनी पहली कैबिनेट बैठक में दिल्ली की महिलाओं के लिए ₹2500 की सम्मान राशि की योजना को पारित करना चाहिए, जैसा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के नेताओं ने वादा किया था।
आतिशी ने इस बारे में विस्तार से बताते हुए कहा, "पीएम मोदी, भाजपा के सभी नेताओं और खुद रेखा गुप्ता ने दिल्ली की महिलाओं से वादा किया था कि जब उनकी सरकार बनेगी और पहली कैबिनेट बैठक होगी, तो दिल्ली की महिलाओं के बैंक खातों में ₹2500 जमा किए जाएंगे। इस वादे के अनुसार, पहली किस्त 8 मार्च 2025 तक जारी की जाएगी। अब चूंकि शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हो चुका है और नई सरकार बन चुकी है, मैं भाजपा सरकार से यह मांग करती हूं कि वह दिल्ली की सभी महिलाओं के लिए इस योजना को पारित करे और वादे के मुताबिक पैसे जारी करें। महिला मुख्यमंत्री होने के नाते, रेखा गुप्ता जी से यह उम्मीद की जाती है कि वह दिल्ली की महिलाओं से किए गए वादे को जरूर पूरा करेंगी।"
दिल्ली में 27 साल बाद बीजेपी की सरकार बनी है। भारतीय जनता पार्टी की नेता रेखा गुप्ता ने गुरुवार को रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने इस अवसर पर रेखा गुप्ता और उनके मंत्रिपरिषद को पद की शपथ दिलाई। नई सरकार के लिए गर्मियों में पानी और बिजली की आपूर्ति, साथ ही यमुना की सफाई, बड़ी चुनौतियां होंगी। मंत्रिमंडल गठन और विभागों का बंटवारा अभी बाकी है। बीजेपी ने कहा है कि वे जल्द ही काम शुरू करेंगे। दिल्ली की जनता की नजर अब इस पर होगी कि नई सरकार अपने वादों को किस तरह पूरा करती है।