Mission 2024: ममता बनर्जी से मिले नीतीश और तेजस्वी,विपक्षी एकजुटता पर चर्चा,भाजपा को जीरो बनाने का ऐलान

Mission 2024: पश्चिम बंगाल के राज्य सचिवालय में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात की।

Update: 2023-04-24 16:20 GMT
CM Nitish Kumar, cm mamata banerjee and Tejashwi Yadav (Image: Social Media)

CM Nitish Kumar and Mamata Banerjee Meeting : 2024 की सियासी जंग के लिए विपक्ष ने अपनी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात करके अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव पर गहराई से मंथन किया। दोनों नेताओं की चर्चा के दौरान बिहार के डिप्टी सीएम और राजद नेता तेजस्वी यादव भी मौजूद थे। पश्चिम बंगाल के राज्य सचिवालय में हुई इस मुलाकात के बाद ममता बनर्जी ने ऐलान किया कि हमारा मकसद भाजपा को हीरो से जीरो बनाना है।

इस महत्वपूर्ण सियासी मुलाकात के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि लोकसभा चुनाव में विपक्ष की एकजुटता पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई है। हमने भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए एकजुट होकर लड़ाई लड़ने का फैसला किया है। इससे पहले नीतीश कुमार कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के अलावा विपक्ष के कई अन्य नेताओं से भी बातचीत कर चुके हैं। ममता से मुलाकात के बाद अब सबकी निगाहें नीतीश और तेजस्वी की आज सपा मुखिया अखिलेश यादव से होने वाली मुलाकात पर टिकी हैं।

बिहार में बैठक करने पर ममता का जोर

ममता बनर्जी और नीतीश कुमार की इस मुलाकात को सियासी नजरिए से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुलाकात के बाद ममता ने कहा कि मैं तो पहले से ही सभी दलों के एक मंच पर आने की बात करती रही हूं। ममता ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण को याद करते हुए कहा कि उनके आंदोलन की शुरुआत बिहार से हुई थी। इसलिए हमें बिहार में एक बैठक जरूर करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मैंने इस बाबत नीतीश कुमार से भी चर्चा की है। टीएमसी नेता ने कहा कि मीडिया सपोर्ट के दम पर भाजपा हीरो बनी हुई है मगर अब उसे हमें हीरो से जीरो बनाना है। ममता ने कहा कि चुनाव को लेकर हम सभी विपक्षी दलों को संदेश देना होगा कि हम पूरी तरह एकजुट हैं।

जनता ने जिन लोगों को देश में राज करने का मौका दिया, उन्हें देश से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि काम के नाम पर भाजपा सरकार जीरो है। किसी भी मोर्चे पर कोई काम नहीं हो रहा है और सिर्फ विज्ञापनों के जरिए वाहवाही लूटने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि मैंने पहले भी स्पष्ट तौर पर कहा है कि मुझे विपक्षी दलों की एकजुटता पर कोई आपत्ति नहीं है।

ममता से मुलाकात के बाद नीतीश उत्साहित

ममता से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी उत्साहित दिखे। उन्होंने कहा कि 2024 की सियासी जंग के लिए विपक्षी दलों को मिलजुल कर रणनीति तैयार करनी होगी। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के एक मंच पर जुटे बिना अगले लोकसभा चुनाव को लेकर और मजबूत रणनीति नहीं तैयार की जा सकती।
उन्होंने कहा कि विपक्ष की एकजुटता के संबंध में ममता बनर्जी से सकारात्मक बातचीत हुई है। सत्ता में बैठे हुए लोग अपने प्रचार के अलावा कोई काम नहीं कर रहे हैं। ऐसे में विपक्ष के लोगों को देश के हित में बड़ा फैसला लेना होगा।

ममता से मुलाकात इसलिए महत्वपूर्ण

नीतीश और ममता की मुलाकात को इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि ममता हाल के दिनों में भाजपा के साथ कांग्रेस पर भी हमलावर रही हैं। पश्चिम बंगाल की सागरदिघी विधानसभा सीट पर पिछले दिनों हुए उपचुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद उन्होंने भाजपा व वामदलों के साथ कांग्रेस पर भी बड़ा हमला बोला था। उन्होंने कांग्रेस और भाजपा पर मिलीभगत का आरोप लगाया था। इसके साथ ही उन्होंने 2024 की सियासी जंग में अपने दम पर उतरने का बड़ा ऐलान भी किया था।

टीएमसी नेताओं की ओर से समय-समय पर प्रधानमंत्री पद के लिए विपक्ष की ओर से ममता बनर्जी का नाम उछाला जाता रहा है। ममता बनर्जी इस बाबत खुद तो कुछ नहीं बोलती हैं मगर उनकी पार्टी के नेताओं की ओर से समय-समय पर ममता को पीएम पद का उम्मीदवार बताया जाता रहा है। ममता बनर्जी की भी हाल के दिनों में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन समेत विपक्ष के अन्य नेताओं से चर्चा होती रही है। अब ममता ने खुद विपक्ष की एकजुटता पर जोर दिया है। यह देखने वाली बात होगी कि आने वाले दिनों में ममता विपक्ष की एकजुटता में क्या भूमिका निभाती हैं।

Tags:    

Similar News