बीजेपी के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान का शुभारम्भ, पीएम मोदी बने पहले सदस्य

Delhi News : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान के शुभारम्भ को लेकर पार्टी मुख्यालय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

Report :  Rajnish Verma
Update: 2024-09-02 12:09 GMT

Delhi News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान- 2024 का शुभारम्भ किया। इसके साथ ही वह पार्टी के पहले नए सदस्य बन गए हैं। पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने संविधान के आधार पर चलने वाला एकमात्र दल है। उन्होंने कहा कि पार्टी संविधान के अनुसार लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है और लगातार इसका विस्तार भी हो रहा है। जन-सामान्य की आशाओं पर खरा उतरने के लिए प्रयास कर रहा हूं। 

पीएम मोदी ने भारतीय जनता पार्टी शुरुआती संघर्षों का भी जिक्र किया। उन्होंने बीजेपी आज ऐसे ही नहीं यहां तक पहुंचा है, कई पीढ़ियां खप गई हैं। जनसंघ के जमाने से कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया है, वह दीवारों पर पेंट किया करते हैं। उस समय पार्टी का चुनाव चिन्ह दीपक था, जिसे दीवारों पर बनाते थे। उस दौरान कई दलों के नेता मजाक उड़ाया करते थे और कहते दीवारों पर पेंट करके सत्ता तक नहीं पहुंच सकते हैं। जनसंघ के जमाने से ही देश में एक नई संस्कृति लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने बीजेपी के चुनाव चिन्ह कमल को भी पेंट करना शुरू कर दिया, क्योंकि उन्हें विश्वास था कि एक न एक दिन यह कमल जनता के दिल पर जरूर पेंट हो जाएगा।

बीजेपी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी : अमित शाह

बीजेपी के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान के शुभारम्भ कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी तो है ही, साथ ही सभी राजनीतिक दलों में एक प्रकार से अनूठी पार्टी है। आज भारत के 1,500 से अधिक राजनीतिक दलों में कोई भी दल लोकतांत्रिक तरीके से विश्वास और खुलेपन के साथ हर 6 साल के बाद अपने सदस्यता अभियान को नहीं करता है। ऐसा केवल और केवल भाजपा ही करती है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी में कार्यकर्ता महज सदस्यता का एक अंक नहीं, बल्कि हमारे यहां कार्यकर्ता एक जीवंत इकाई, विचारधारा का वाहक, कार्य-संस्कृति का पोषक और हमारे कार्यकर्ता सरकार और संगठन के बीच में कड़ी का भी काम करते हैं, जो सरकार को हमेशा जनता के साथ जोड़कर रखता है।

बीजेपी दुनिया की सबसे विश्वसनीय पार्टी

केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि नेताओं की कथनी और करनी में अंतर होने के भारत के नेताओं के प्रति विश्वास कम हुआ है। इस विश्वास को बढ़ाने के लिए चुनौती को किसी ने स्वीकार किया है, तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। वह 2014 में जब प्रधानमंत्री बने थे, तब मैं अध्यक्ष था। उन्होंने तब भी साफ कहा था कि चुनावी घोषणापत्र ऐसा बनाना, ताकि हम उसे पूरा कर सकें। उन्होंने कहा कि बीजेपी दुनिया की सबसे बड़ी ही पार्टी नहीं है, बल्कि यह सबसे विश्वसनीय पार्टी है। 

उन्होंने कहा कि हम सरकार बनाने के लिए राजनीति नहीं कर रहे हैं, हम देश और समाज बनाने के लिए राजनीति करते हैं। भारतीय जनसंघ के रूप में जब से यात्रा की थी, तब से अब तक उसी विचारधारा पर काम कर रहे हैं, हम कभी भी अपनी विचारधारा से भ्रमित नहीं हुए हैं। हमारी दार्शनिक अवधारणा ही हमें प्रेरित करती है कि हम ऐसी सरकार बना सकें ताकि समाज के हर व्यक्ति के तन के सुख के लिए धन-धान्य दे सकें, मन के सुख के लिए मान-सम्म्मान और स्वाभिमान दे सके, बुद्धि के सुख के लिए ज्ञान दे सके और आत्मा के सुख के लिए भगवान दे सके। 

पीएम मोदी के लिए संगठन सर्वोपरि

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के प्रधानसेवक होने के नाते, 140 करोड़ देशवासियों के नेतृत्व करने के नाते प्रशासन की बारीकियों में दिन-रात व्यस्त रहते हैं, इसके बावजूद भी हम सबके लिए वो आदर्श हैं। उन्होंने हमेशा इस बात को अपने आप में जीया है कि संगठन सर्वोपरि है और संगठन प्रथम है। उन्होंने कहा कि संगठन को जब भी आवश्यकता पड़ी है, अपने व्यस्ततम समय में भी वो पार्टी को आगे बढ़ाने की चिंता करते हैं। उन्होंने कहा कि जब अमित भाई शाह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे, तो उस समय उन्होंने सदस्यता अभियान को प्राथमिकता दी थी। उन्होंने कहा था कि हम संगठन के रास्ते बदलेंगे, संगठन के तरीके बदलेंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग जो कमल के निशान के साथ चलना चाहते हैं, उनका हम पार्टी में समावेश कर सकें।

Tags:    

Similar News