Delhi में बीजेपी का जोरदार प्रदर्शन, बढ़ रहा CM कुर्सी पर खतरा

Delhi News: दिल्ली में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने आप के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों से दिल्ली पुलिस की झड़प में बीजेपी नेता वीरेंद्र सचदेवा चोटिल हो गए।

Written By :  Seema Pal
Update: 2024-04-10 08:42 GMT
दिल्ली में बीजेपी कार्यकर्ताओं का विरोध-प्रदर्शन (फोटो- सोशल मीडिया)

Delhi: दिल्ली में शराब घोटाले में गिरफ्तार सीएम अरविंद केजरीवाल की कुर्सी पर खतरा बढ़ता जा रहा है। सोमवार को दिल्ली हाईकोर्ट ने ईडी द्वारा अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को सही ठहराया था। कोर्ट का फैसला आने के बाद से ही भाजपा जेल से दिल्ली सरकार चलाने का विरोध कर रही है। आज बुधवार को बीजेपी कार्यकर्ताओं ने आप कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है। बीजेपी कार्यकर्ताओं की मांग है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सीएम कुर्सी से तुरंत इस्तीफा दें। बीजेपी कार्यकर्ताओं के बढ़ते विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने आप दफ्तर के सामने बैरिकेडिंग लगा दी। साथ ही पुलिस ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछार कर दी। जिसमें बीजेपी नेता वीरेंद्र सचदेवा चोटिल हो गए।

आप दफ्तर पर बीजेपी का प्रदर्शन

बुधवार को दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति मामले में बीजेपी कार्यकर्ता प्रदेश बीजेपी प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में अरविंद केजरीवाल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता और नेता वीरेंद्र सचदेवा के साथ आप दफ्तर पहुंच गए। बीजेपी कार्यकर्ता आप कार्यालय का घेराव करने के लिए आगे बढ़ें तो दिल्ली पुलिस ने उन्हें रोक लिया। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने आप दफ्तर के पास बैरिकेडिंग लगा दी। मगर इसके बाद भी बीजेपी कार्यकर्ता नहीं रुके तो पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल कर पानी की बौछार शुरू कर दी। इस दौरान दिल्ली पुलिस और बीजेपी कार्यकर्ताओं में धक्कामुक्की भी शुरू हो गई। प्रदर्शन के बीच वीरेंद्र सचदेवा घायल हो गए हैं।

प्रदर्शन में चोटिल हुए वीरेंद्र सचदेवा

अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग करते हुए घायल वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि जो अपने आपको कट्टर ईमानदार कहते थे, वो आज खुद भ्रष्टाचार के मामले में जेल में बंद हैं। अरविंद केजरीवाल को हाईकोर्ट ने भी अब मुजरिम करार कर दिया है। दिल्ली हाईकोर्ट ने ईडी द्वारा अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी सही ठहराया है। बीजेपी प्रदेश प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने आगे कहा कि अब जब आप का भ्रष्टाचार खुलकर सामने आ गया है तो अरविंद केजरीवाल को सीएम पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

‘शर्म बची है तो तुरंत इस्तीफा दें’- बिधूड़ी

आप के भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहें दिल्ली विधानसभा के विपक्ष नेता रामसिंह बिधूड़ी ने कहा, “अरविंद केजरीवाल में अगर जरा भी शर्म बची है तो अब तुरंत मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। जेल से सरकार चलाने की अनुमति नही होती है। अरविंद केजरीवाल अगर जेल से सरकार चलाने की जिद पर अड़े रहेंगे तो कानून अपना काम करेगा।”

Tags:    

Similar News