सीएम योगी का कांग्रेस पर वार, बोले- राष्ट्रपति पर अभद्र टिप्पणी देश और मातृ शक्ति का है अपमान

CM Yogi on Adhir Ranjan Chowdhury: सीएम योगी ने कहा कि भारत की जनजाति समाज का भी अपमान है और भारत के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर विराजमान राष्ट्रपति के साथ ही देश का भी एक प्रकार से अपमान है।

Update: 2022-07-28 15:10 GMT

CM Yogi Adityanath (Image: Ashutosh Tripathi, Newstrack)

CM Yogi on Adhir Ranjan Chowdhury: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा अभद्र टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से कांग्रेस पर हमलावर हो गई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अधीर रंजन के बयान पर कांग्रेस घेरा है। सीएम योगी ने कहा कि देश की महामहिम राष्ट्रपति के प्रति कांग्रेस के सांसद की अभद्र टिप्पणी अत्यंत निंदनीय है। यह टिप्पणी भारत के संविधान का अपमान है, भारत की मातृशक्ति का भी अपमान है।

सीएम योगी ने कहा कि भारत की जनजाति समाज का भी अपमान है और भारत के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर विराजमान राष्ट्रपति के साथ ही देश का भी एक प्रकार से अपमान है। मैं इस अभद्र टिप्पणी के लिए कांग्रेस सांसद और कांग्रेस की निंदा करता हूं, अपने इस निंदनीय कृत्य के लिए उन्हें देशवासियों से माफी मांगनी चाहिए। यह देश इस प्रकार के किसी भी टिप्पणी को कभी स्वीकार नहीं कर सकता है। कांग्रेस पार्टी अपनी जवाबदेही से मुकर नहीं सकती है।

अधीर रंजन के बयान पर संसद में भी हंगामा

दरअसल गुरुवार मॉनसून सत्र की कार्यवाही के दौरान लोकसभा में उस वक्त हंगामा शुरू हो गया जब कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने अपने एक बयान में राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। इसके बाद दोनों सदनों बीजेपी के सांसद कांग्रेस नेता पर हमलावर हो गए और माफी मांगने की मांग करने लगे। हंगामे के बीच केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का भी नाम इसमें घसीट लिया और 'सोनिया गांधी माफी मांगों' के नारे पूरे सदन में गूंजने लगे। सोनिया गांधी का नाम आते ही कांग्रेस सांसदों ने भी मोर्चा संभाला और दोनों तरफ से जमकर नारेबाजी सुनाई दी। जिसके बाद सदन की कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा।

अधीर रंजन ने जताया खेद, राष्ट्रपति से मिलकर मांगेंगे माफी

वहीं अधीर रंजन चौधरी ने अपने बयान पर खेद जताते हुए कहा कि उन्हें हिंदी कम आती है इसीलिए गलती हुई। वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलकर माफी मांगेंगे। हालांकि अधीर रंजन बीजेपी के प्रति नरम नहीं दिखे। उन्होंने कहा मैं पाखंडियों से माफी नहीं मांगूंगा।  

Tags:    

Similar News