Maharashtra News: कांग्रेस को बड़ा झटका, एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा

Maharashtra News: पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा ने इससे पहले कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू होने से ठीक पहले देवड़ा के कांग्रेस छोड़ने की घोषणा करने की टाइमिंग पर पार्टी सवाल उठा रही है।

Update: 2024-01-14 10:46 GMT

Chief Minister Eknath Shinde and former Union Minister Milind Deora (Pic: Social Media)

Maharashtra News: कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। महाराष्ट्र के कद्दावर नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा शिवसेना (शिंदे गुट) में शामिल हो गए हैं। वह मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए हैं। इस दौरान शिंदे ने उन्हें भगवा झंड़ा भी भेंट किया। इससे पहले देवड़ा ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। वहीं भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू होने से ठीक पहले मिलिंद देवड़ा के पार्टी छोड़ने की घोषणा करने की टाइमिंग पर कांग्रेस सवाल उठा रही है। कांग्रेस ने रविवार को आरोप लगाया कि मिलिंद के पार्टी छोड़ने की घोषणा का समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा निर्धारित किया गया था।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि देवड़ा ने इस शुक्रवार को उनसे फोन पर बात की थी और कहा कि वह मुंबई साउथ लोकसभा सीट पर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के दावे पर राहुल गांधी से बात करना चाहते हैं। बता दें कि मिलिंद देवड़ा और उनके पिता मुरली देवड़ा दोनों ही मुंबई साउथ से लोकसभा सांसद रह चुके हैं।

दक्षिण मुंबई सीट पर दावेदारी को लेकर खींचतान

बता दें कि बीते कई दिनों से मिलिंद देवड़ा के कांग्रेस छोड़ने की अटकलें चल रहीं थी। हालांकि उन्होंने इसे अफवाह बताकर कांग्रेस छोड़ने की बात से इनकार किया था। मिलिंद देवड़ा ने ये बात स्वीकार की थी कि वह अपने समर्थकों से चर्चा कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक कोई फैसला नहीं किया है। मिलिंद देवड़ा मुंबई की दक्षिण मुंबई लोकसभा सीट से चुनाव लड़ते रहे हैं, लेकिन इस बार गठबंधन के तहत शिवसेना (यूबीटी) दक्षिण मुंबई सीट पर अपनी दावेदारी कर रही है। ऐसे में देवड़ा को अपना टिकट कटने की आशंका थी।

देवड़ा परिवार को दक्षिण मुंबई सीट पर दबदबा रहा है। हालांकि पिछले दो आम चुनाव में शिवसेना के अरविंद सावंत इस सीट से जीतते आ रहे हैं। यही वजह है कि इस बार भी शिवसेना इस सीट पर अपना दावा जता सकती है और गठबंधन के चलते हो सकता है कि कांग्रेस को यह सीट छोड़नी पड़े। ऐसे में माना जा रहा है कि इसी के चलते देवड़ा ने कांग्रेस छोड़ने का फैसला किया है।

दो बार के सांसद रहे हैं

मिलिंद देवड़ा कांग्रेस के दिवंगत वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुरली देवड़ा के बेटे हैं और साल 2004 और 2009 में दक्षिण मुंबई सीट से लोकसभा सांसद रह चुके हैं। 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में मिलिंद देवड़ा को शिवसेना उम्मीदवार के सामने हार का सामना करना पड़ा था। मिलिंद देवड़ा की गिनती कांग्रेस के युवा चेहरों में होती थी। वह कांग्रेस सरकार में साल 2012 में केंद्रीय नौका परिवहन राज्यमंत्री भी बनाए गए थे।

पहुंचे थे सीएम के आवास

इस्तीफा देने के बाद मिलिंद देवड़ा सीएम एकनाथ शिंदे के आधिकारिक आवास पहुंचे थे। इससे पहले देवड़ा ने सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन किए।

Tags:    

Similar News