Mizoram Election 2023: राहुल गांधी ने मिजोरम में फूंका कांग्रेस का चुनावी बिगुल, निकाली पांच किमी लंबी पदयात्रा, जनता से किया ये वादा

Mizoram Election 2023: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज यानी सोमवार 16 अक्टूबर को चुनाव तारीखों के ऐलान के बाद पहली बार मिजोरम पहुंचे हैं। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान वे राज्य में कांग्रेस के चुनाव प्रचार का शंखनाद करेंगे।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2023-10-16 05:47 GMT

Rahul Gandhi (photo: social media )

Mizoram Election 2023: जिन पांच राज्यों में अगले माह विधानसभा चुनाव होने हैं, उनमें पूर्वोत्तर का छोटा राज्य मिजोरम भी शामिल है। जिसकी चर्चा राष्ट्रीय राजनीति में उतनी नहीं होती। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज यानी सोमवार 16 अक्टूबर को चुनाव तारीखों के ऐलान के बाद पहली बार मिजोरम पहुंचे हैं। अपने दो दिवसीय दौरे के पहले दिन उन्होंने राज्य में कांग्रेस पार्टी के चुनाव प्रचार का शंखनाद करते हुए पांच किमी लंबी पदयात्रा की, जिसे भारत जोड़ो यात्रा नाम दिया गया है।

कांग्रेस सांसद ने राजधानी आइजोल के चानमारी से पदयात्रा शुरू की, जो ट्रेजरी स्कवायर पर जा कर खत्म हुई। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की। राहुल गांधी की पदयात्रा को लेकर कांग्रेसियों और स्थानीय लोगों में भारी उत्साह दिखा। सड़कें पार्टी के झंडे से पटी दिखीं। स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य पेश कर उनका स्वागत किया।

मिजोरम सरकार पर जमकर बरसे राहुल

पदयात्रा समाप्त करने के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उनके निशाने पर सत्तारूढ़ एमएनएफ सरकार और केंद्र की मोदी सरकार रही। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य में कांग्रेस की सत्ता में वापसी होती है तो महंगाई, बेरोजगारी जैसी परेशानियों से जनता को छुटकारा दिलाया जाएगा। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस शासित राज्यों छत्तीसगढ़, राजस्थान और कर्नाटक में किए गए विकास कार्यों का उल्लेख भी किया।

सीएम जोरामथांगा ने राहुल पर साधा निशाना

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के मिजोरम आने को लेकर वहां की सियासत गरमा गई है। सत्तारूढ़ दल मिजो नेशनल फ्रंट के मुखिया और सूबे के मुख्यमंत्री जोरामथांगा ने कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को एक या दो सीट मिल सकती है। कांग्रेस जीरो पर भी सिमट सकती है। राहुल गांधी के यहां आने से मिजोरम के लोगों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

Mizoram Election 2023: शरणार्थियों के मुद्दे पर खेलेगा मिज़ो नेशनल फ्रंट

मिजोरम सीएम ने कहा कि चुनाव में हमारी मुख्य लड़ाई कांग्रेस से नहीं बल्कि जोरम पीपुल्स मुवमेंट (जेपीएम) से है। 40 सदस्यीय विधानसभा में उन्होंने 25 से 30 सीटों पर जीत दर्ज कर दोबारा सत्ता में वापसी करने का दावा किया है।

10 सालों से सत्ता से बाहर है कांग्रेस

कांग्रेस पार्टी कभी मिजोरम की सबसे ताकतवर राजनीतिक पार्टी हुआ करती थी। 2008 से लेकर 2018 तक लगातार 10 साल सत्ता में रही पार्टी को गत विधानसभा चुनाव में करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। 2013 में 34 सीटें जीतने वाली कांग्रेस पांच साल बाद महज पांच सीटों पर सिमट कर रह गई थी और वह तीसरे स्थान पर खिसक गई। जेपीएम को उससे अधिक 8 सीटें हासिल हुईं। ऐसे में क्या कांग्रेस 2023 में सत्ता में वापसी कर पाएगी, देखना दिलचस्प होगा।

Assembly Elections 2023 Date: छत्तीसगढ़-मिजोरम में 7, एमपी में 17 और राजस्थान में 23 नवंबर को चुनाव, 3 दिसंबर को रिजल्ट

मिजोरम में कब हैं चुनाव ?

मिजोरम की 40 विधानसभा सीटों सात नवंबर को एक चरण में मतदान होगा और नतीजे 3 दिसंबर को बाकी चार राज्यों के साथ आएंगे। 2018 के विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट ने 26 सीटें हासिल कर अपने बल पर सरकार बनाई थी। वहीं, इस चुनाव में बीजेपी महज एक सीट ही हासिल कर सकी। जानकारी के लिए बता दें कि एमएनएफ राष्ट्रीय स्तर पर एनडीए का घटक दल है।

Tags:    

Similar News