Delhi Metro: दिल्ली मेट्रो में चढ़ने के दौरान गिरी महिला, अस्पताल में तोड़ा दम, घटना की होगी जांच
Delhi Metro: दिल्ली मेट्रो के इंद्रलोक स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक महिला नीचे गिर गई थी। शनिवार शाम को अस्पताल में उसकी मौत हो गई।;
Delhi Metro (Photo:Social Media)
Delhi Metro. दिल्ली मेट्रो से सफर कर रही एक महिला इंद्रलोक स्टेशन पर हादसे का शिकार हो गई थी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराय गया था, जहां शनिवार को उसने दम तोड़ दिया। 35 वर्षीय महिला बीते गुरूवार को जब ट्रेन में चढ़ रही थी, तभी उसकी साड़ी मेट्रो के दरवाजे में फंस गई। इसके बाद महिला गिर पड़ी। जानकारी के मुताबिक, हादसा तब हुआ जब मेट्रो के दरवाजे बंद हो रहे थे।
घायल महिला को स्टेशन पर मौजूद मेट्रो के अधिकारियों ने फौरन सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। जहां शनिवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला की शिनाख्त रीना के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि फिलहाल इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है, जरूरत पड़ने पर कानूनी राय ली जाएगी।
मेट्रो सुरक्षा आयुक्त करेंगे घटना की जांच
दिल्ली मेट्रो के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अनुज दयाल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि यह घटना गुरूवार को इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन पर हुई थी। एक महिला यात्री कपड़ा उलझ जाने के कारण गिर गई थी, जिससे वह घायल हो गई। शनिवार शाम को अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मेट्रो रेलवे सुरक्षा आयुक्त घटना की जांच करेंगे।
मृतक महिला रीना के एक रिश्तेदार ने बताया कि गुरूवार को वह नांगलोई से मोहन नगर जा रही थी। इंद्रलोक स्टेशन पर जब वो ट्रेन बदल रही थी, तो उसकी साड़ी फंस गई और वह नीचे गिर गई। इस घटना में वह गंभीर रू से जख्मी हो गई थी। उसे सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शनिवार शाम को उसकी मौत हो गई। रीना के पति का देहांत सात साल पहले हो गया था। वह अपने दो बच्चों एक बेटा और एक बेटी के साथ रहती थी।