Rain Alert in Delhi: दिल्ली-एनसीआर में आज भी आंधी-बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Rain Alert in Delhi: मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में रविवार और सोमवार को येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, एक-दो स्थानों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है। मौसम सुहावना रहेगा।

Update: 2023-05-28 08:50 GMT
बारिश का अलर्ट ( सोशल मीडिया)

Rain Alert in Delhi: देश में मानसून ने भले अभी दस्तक न दी हो लेकिन उत्तरी राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है। बेमौसम बरसात ने गर्मी की तपिश से लोगों को राहत दिलाई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। आंधी-तूफान के कारण राजधानीवासियों को प्रचंड गर्मी से राहत मिली है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान लुढ़क गया है। मौसम विभाग की मानें तो आज औऱ कल यानी 28 और 29 मई को भी दिल्ली में भारी बारिश के साथ-साथ आंधी तूफान की संभावना है।

मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में रविवार और सोमवार को येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, एक-दो स्थानों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है। मौसम सुहावना रहेगा। 30 मई यानी मंगलवार से मौसम साफ होना शुरू हो जाएगा। आईएमडी के मुताबिक, रविवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री के आसपास बना रहेगा।

मंगलवार को मौसम शुष्क हो जाएगा। 31 मई यानी बुधवार को भी इसके शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 से 22 डिग्री रह सकता है। विभाग की मानें तो भीषण गर्मी के लिए जाने जाने वाले जून माह की शुरूआत भी सुहावने मौसम के साथ होगी। 1 और 2 जून को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 से 22 डिग्री के आसपास रह सकता है।

शनिवार को कैसा रहा मौसम?

दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को कुछ इलाकों में आंधी तूफान के साथ-साथ जोरदार बारिश हुई। कुछ जगहों पर हवाओं की गति 60 किमी प्रति घंटे की रही। इसकी वजह से लोगों की छतों पर रखा सामान उड़ गया और कई जगहों पर पेड़ भी गिरे। कल यानी शनिवार 27 मई को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं न्यूनतम तापमान भी 19.3 डिग्री दर्ज किया गया। जो कि सामान्य से 7 डिग्री कम है। खराब मौसम के कारण शनिवार सुबह को दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड करने वाली कई फ्लाइट्स को जयपुर डायवर्ट करना पड़ा था।

Tags:    

Similar News