अभी और कंपाएगी ठंड: जानें कहां होगी बारिश, कहां पड़ेगी बर्फ

राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में पिछले कई दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिल्ली की सर्दी ने पिछले 22 सालों के रिकॉर्ड को तोड़ कर रख दिया है। 22 सालों के बाद दिल्ली में इतनी ज्यादा ठंड पड़ रही है।

Update: 2019-12-25 04:54 GMT

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में पिछले कई दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिल्ली की सर्दी ने पिछले 22 सालों के रिकॉर्ड को तोड़ कर रख दिया है। 22 सालों के बाद दिल्ली में इतनी ज्यादा ठंड पड़ रही है। कल मंगलवार की सुबह न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसी के साथ ही पूरे दिन कोहरा बना रहा, जिस वजह से दृश्यता कम हो गई। दिसंबर महीने का यह दूसरा सबसे कम तापमान है।

दिसंबर महीने का दूसरा सबसे कम तापमान

इससे पहले 19 दिसम्बर को न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। कोहरे के चलते कई ट्रेनों की सेवाओं पर भी असर पड़ा। वहीं दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में भी भीषण ठंड पड़ रही है। चंडीगढ़ में मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

अभी जारी रहेगा ठंड का सितम

मौसम विभाग के मुताबिक, अभी दिल्ली वासियों को ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं और आने वाले दिनों में हालात और भी अधिक बिगड़ सकते हैं। साथ ही आशंका जताई गई है कि क्रिसमस पर और अधिक ठंड पड़ सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि, अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

यह भी पढ़ें: क्रिसमस के दिन इस्तेमाल इन तीन रंगों में छिपी है खास बात, जानिए क्या है…

श्रीनगर में मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात

मंगलवार को कश्मीर में भी भीषण ठंड रही, जबकि श्रीनगर में मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। मौसम विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, मंगलवार को कश्मीर और लद्दाख में न्यूनतम तापमान जमाव बिन्दु से कई डिग्री कम दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि, श्रीनगर में सर्दी के मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात रही। श्रीनगर का न्यूनतम तापमान कल शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। जिसके चलते शहर के कई स्थानों में पानी आपूर्ति की पाइप जम गई।

इससे पहले श्रीनगर में 8 दिसबंर को न्यूनतम तापमान इतना ही दर्ज किया गया था। वहीं उत्तर कश्मीर के गुलमर्ग के स्की रिजॉर्ट में मंगलवार को न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इससे पहले की रात न्यूनतम तापमान शून्य से 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि पहलगाम रिजॉर्ट में रात में तापमान शून्य से 10.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें: पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी को दी श्रद्धांजलि

Tags:    

Similar News