Eid-ul-Fitr 2023: देश भर में ईद का जश्न, दिल्ली-मुंबई-लखनऊ की मस्जिदों में उमड़े नमाजी...सजदे में झुके सिर

Eid-ul-Fitr 2023: देश में आज ईद का जश्न रहा। इस मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में शांति और सौहार्द के बीच ईद उल फितर का त्योहार मनाया गया।

Update:2023-04-23 03:35 IST
ईद पर सजदे में झुके सिर (Photo: आशुतोष त्रिपाठी)

Eid-ul-Fitr 2023: देश में ईद का त्योहार परंपरागत तरीके से हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शनिवार (22 अप्रैल) को ईदगाह और मस्जिदों में नमाज पढ़कर मुल्क की तरक्की और अमन के लिए दुआएं मांगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को ईद की बधाई दी।

सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में शांतिपूर्ण तरीके से ईद उल फितर मनाया गया। राजधानी लखनऊ में अन्य धर्मों के लोग भी आगे आए और गले मिलकर एक दूसरे को बधाईयां दी। राजनीतिक विरोध को बगल करते हुए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ईदगाह में साथ-साथ दिखे। यूपी में मुस्लिम समाज के लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से ईद मनाया। कहीं से किसी अप्रिय घटना की जानकारी नहीं मिली।

मुख्यमंत्री योगी- यूपी में अब शांति है

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने कहा कि, 'यूपी में अब शांति है। कानून का राज है। आज ईद मनाई जा रही है लेकिन ईद की नमाज सड़क पर नहीं, मस्जिद में पढ़ी जा रही। क्योंकि, कानून सभी के लिए समान है। अब प्रदेश में कोई दंगा नहीं होता है। यूपी की कानून व्यवस्था अन्य राज्यों के लिए नजीर बन गई है।'

दिल्ली के जामा मस्जिद में साथ-साथ नमाज अदा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जामा मस्जिद (Jama Masjid) के शाही इमाम और लखनऊ में इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया (Islamic Center of India) के मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने शुक्रवार की शाम चांद के दीदार के बाद शनिवार को ईद-उल-फितर (Eid-ul-Fitra 2023) का ऐलान किया था। दिल्ली में डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी के मुखिया गुलाम नबी आजाद और भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ईद के अवसर पर संसद मार्ग मस्जिद में नमाज अदा करने पहुंचे। यहां आजाद और शाहनवाज हुसैन ने नमाज पढ़ी। दोनों नेताओं ने देशवासियों को ईद की मुबारकबाद दी। जामा मस्जिद में बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा करने पहुंचे।

मुंबई के माहिम दरगाह में उमड़े नमाजी

महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस (Maharashtra Governor Ramesh Bais) राज्य के लोगों को ईद की मुबारकबाद दी। आज सुबह मुंबई की माहिम दरगाह में लोगों ने ईद की नमाज अदा की। इसके बाद एक-दूसरे के गले लगकर खुशियां मनाई।

यूपी में अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया ईद

यूपी के सीतापुर, बलरामपुर, मुज़फ्फरनगर, मेरठ, बरेली, सहारनपुर सहित अन्य जिलों में ईद उल फितर का त्योहार पूरी अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। ईदगाह में सुबह 9 बजे नमाज अदा की गई। मुस्लिम समाज के लोगों ने देश और प्रदेश में अमन-चैन कायम करने तथा तरक्की की दुआ मांगी। सभी ने गले मिलकर एक दूसरे को मुबारकबाद दिया। हालांकि, मौके पर सुरक्षा-व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही। पुलिस और प्रशासन के बड़े अधिकारी लगातार गश्त करते रहे।

उज्जैन में दुआ में उठे हाथ, शांति से मनी ईद

मध्य प्रदेश के उज्जैन में भी सांप्रदायिक सौहार्द के बीच ईद मनाया गया। अपने शहर में हमेशा अमन-चैन कायम रहे। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सांप्रदायिकता को परे रखते हुए आपसी भाईचारा और सौहार्द की मिसाल पेश की। इस शहर को किसी की नजर न लगे, इसी दुआ के साथ उज्जैन की ईदगाह में नमाज अदा की गई। नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद-उल-फितर की बधाइयां दीं। शहर के इंदिरा नगर स्थित ईदगाह (Idgah) पर अल सुबह नमाज अदा की गई। 'महाकाल' की नगरी उज्जैन में ईद पर शांति रही।

पटना-सुपौल-भागलपुर में बड़ों ने दी ईदी

बिहार में भी ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बिहार के सीएम नीतीश कुमार पटना के गांधी मैदान पहुंचे। यहां बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज़ अदा की। मुख्यमंत्री ने लोगों को ईद की बधाईयां और मुबारकबाद दी। सुपौल सदर थाना के बसबिट्टी रोड स्थित बड़ी ईदगाह में ईद की नमाज अता की गई। इसी तरह, भागलपुर सहित अन्य जिलों में भी ईद की नमाज पढ़ी गई। सुबह सबेरे से ही लोग नए कपड़े पहन ईद की नमाज अदा करने मस्जिद पहुंचे। नमाज के बाद बड़ों ने छोटों को प्यार किया और ईदी दी।

जयपुर-बीकानेर में सजदे में एक साथ झुके सिर

राजस्थान के बीकानेर, जयपुर, जैसलमेर सहित अन्य जिलों में भी अल्लाह की इबादत की गई। बंदे को अपना सर्वस्व कुर्बान करने की तालिम देने वाला प्रमुख इस्लामिक पर्व ईद हंसी-ख़ुशी से मनाया गया। सुबह से ही बड़ी ईदगाह मैदान में लोग जुटने लगे। ईद की मुख्य नमाज अता करते वक़्त एक साथ झुकते और उठते लोगों को देखना अद्भुत नजारा था। हजारों मुस्लिम भाइयों ने खुदा की बारगाह में सजदा कर देश में अमन व तरक्की की दुआ मांगी। बीकानेर की बड़ी ईदगाह मैदान में शहर काजी ने मुख्य नमाज अदा कराई। नमाज अदा करने के बाद सभी ने गले मिलकर एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।

Tags:    

Similar News