Jammu and Kashmir: भारतीय चौकियों पर पाकिस्तान की ओर से भारी गोलीबारी, एक जवान और 4 नागरिक जख्मी

Jammu and Kashmir: पाकिस्तान की ओर से अचानक की गई फायरिंग में बीएसएफ का एक जवान जख्मी हो गया है। इसके अलावा चार नागरिक भी घायल हुए हैं।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2023-10-27 03:33 GMT

firing by Pakistan on Indian posts (photo: social media )

Jammu and Kashmir: पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर स्थित अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एकबार फिर सीजफायर का उल्लंघन किया है। गुरूवार रात करीब आठ बजे के आसपास जम्मू के अरनिया और आरएस पुरा सेक्टर में पाक रेंजर्स की ओर से भारी गोलीबारी की गई। जिसका भारतीय जवानों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। पाकिस्तान की ओर से अचानक की गई फायरिंग में बीएसएफ का एक जवान जख्मी हो गया है। इसके अलावा चार नागरिक भी घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक अधिकारी ने बताया कि पाक रेंजर्स ने पांच भारतीय चौकियों को निशाने बनाते हुए गोलीबारी की। उन्होंने रिहायशी इलाकों में मोर्टार के गोले दागे। इससे घरों की दीवारें ढ़ह गईं। अरनिया सेक्टर में सीमा के पास रह रहे लोगों को अपने घरों में रहने की ही सलाह दी गई है।

सीमा के नजदीक गांवों में दहशत

पाकिस्तान की ओर से की जा रही गोलीबारी से सीमावर्ती गांवों में रह रहे लोगों में दहशत है। कई मकानों को नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों ने खेतों और घरों के आसपास मोर्टार के शेल बरामद किए हैं। एक स्थानीय महिला ने बताया कि ऐसी घटना 4-5 साल बाद हुई। लोग काफी डरे हुए हैं और बाहर निकलने से हिचक रहे।

घुसपैठ की कोशिश नाकाम करने पर बौखलाया पाक

भारतीय सेना ने एक दिन पहले कुपवाड़ा के माछिल सेक्टर में घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को विफल कर दिया। कई आतंकवादी एलओसी पार करने की कोशिश कर रहे थे। बीएसएफ ने भारतीय सीमा में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे पांच आतंकवादियों को मार गिराया। इस ऑपरेशन के बाद ही पाक रेंजर्स की ओर से भारी गोलीबारी शुरू कर दी गई। पाकिस्तान की इस कार्रवाई को उसकी बौखलाट के रूप में देखा जा रहा है।

2021 के शांति समझौते का दूसरी बार उल्लंघन

कश्मीर समेत अन्य मुद्दों को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच तकरीबन छह सालों से रिश्ते बिल्कुल ठंड पड़े हैं। ऐसे तनाव भर माहौल के बीच 25 फरवरी 2021 को दोनों देशों के मध्य युद्धविराम समझौता हुआ था। दोनों देशों ने घोषणा की थी कि वे जम्मू कश्मीर और अन्य क्षेत्रों में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर युद्धविराम के सभी समझौतों का सख्ती से पालन करेंगे। इस समझौते से पहले 2020 में सीमा पर दोनों पक्षों के बीच जबरदस्त गोलीबारी हुई थी। जिससे दोनों तरफ नागरिक आबादी को काफी नुकसान उठाना पड़ा था।

17 अक्टूबर 2023 को इस समझौते के करीब ढ़ाई साल बाद पाकिस्तान ने पहली बार सीमा पर सीजफायर का उल्लंघन किया था। अरनिया सेक्टर में पाक रेंजर्स ने अचानक सुबह-सुबह भारतीय चौकी पर फायरिंग कर दी। जिसमें बीएसएफ के दो जवान घायल हो गए थे। इसके बाद दूसरा उल्लंघन कल यानी गुरूवार 27 अक्टूबर की रात को हुआ।

Tags:    

Similar News