मानसून की पहली बारिश में डूबी मुंबई, जगह-जगह भरा पानी, करंट से 3 की मौत

महाराष्ट्र में आखिरकार मानसून ने दस्तक दे दी है। शुक्रवार सुबह मुंबई और आसपास के इलाकों में जबरदस्त बारिश से मौसम सुहाना हो गया। वहीं यह बारिश अपने साथ आफत भी लेकर आई है।

Update: 2019-06-28 13:59 GMT

मुंबई: महाराष्ट्र में आखिरकार मानसून ने दस्तक दे दी है। शुक्रवार सुबह मुंबई और आसपास के इलाकों में जबरदस्त बारिश से मौसम सुहाना हो गया। वहीं यह बारिश अपने साथ आफत भी लेकर आई है। महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे, कल्याण, पालघर और आस-पास के जिलों में हुई जोरदार बारिश से जगह-जगह पानी भरने से बीएमसी के नाला सफाई के दावों की पोल खुल गई। इस दौरान करंट लगने से तीन लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा बारिश में 5 लोगों के घायल होने की भी खबर है।

बारिश से तापमान में आई गिरावट

कई जगहों पर बारिश के कारण जल जमाव हो गया है। जिसके कारण जाम लगता जा रहा है।बारिश की वजह से मुंबई के तापमान में कमी आई है। इस समय मुंबई का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस हो गया है। वहीं तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के कारण विजिबिलिटी कम हो गई है।

इस समय हवाई अड्डे की विजिबिलिटी 700 मीटर के करीब है। जिसके कारण विमानों की उड़ान में दिक्कत आने की संभावना है। बारिश का लोकल ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग ने मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। बृहन मुंबई नगरपालिका (बीएमसी) ने किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए लोगों को मैनहोल न खोलने के निर्देश दिए हैं।

ये भी पढ़ें...ये मौसम की बारिश, है बारिश बूंदे….. भूलकर भी न करें ये काम

24 से 36 घंटे के अंदर भारी बारिश

अंधेरी, धारावी, वसई, कांदिवली, बोरिवली समेत कई इलाकों में बारिश के कारण जल जमाव हो गया है। जिसके कारण ट्रैफिक रुक-रुककर बढ़ रहा है। माना जा रहा है कि जुलाई के पहले हफ्ते में मानसून दिल्ली पहुंचेगा।

स्काईमेट के अनुसार 24 से 36 घंटे के अंदर मुंबई, ठाणे, रत्नागिरी और आसपास के इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इससे पहले बुधवार सुबह अंधेरी और सांताक्रूज में हल्की फुल्की बारिश हुई थी।



भारी बारिश से लोकल ट्रेन का बुरा हाल

ये भी पढ़ें...बारिश से भारत के कुछ हिस्सों में पारा गिरा, बिहार में लू लगने से 102 लोगों की मौत

बारिश के कारण मुंबई की धड़कन कही जाने वाली लोकल ट्रेनें देरी से चल रही हैं। बारिश के कारण कुछ स्टेशनों पर लोग फंसे हुए हैं। मुंबई मेट्रो की सेवाएं सुचारु रूप से चल रही हैं।

30 मिनट की देरी से चल रही ट्रेनें

पश्चिमी रेलवे रूट पर लोकल ट्रेनों का संचालन सुचारु रूप से चल रहा है। वहीं केंद्रीय लाइनों पर ट्रेनें 30 मिनट की देरी से चल रही हैं। पश्चिमी रेलवे ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'मुंबई में मानसून आ गया है।

पश्चिमी रेलवे के उपनगरीय इलाके की कुछ जगहों पर भारी बारिश हो रही है। लोकल ट्रेनें सामान्य रूप से चल रही हैं और उनके संचालन में कोई दिक्कत नहीं आ रही है।' उधर अब खबर ये भी आ रही है भारी बारिश की वजह से मुंबई से जाने वाली कुछ उड़ाने रद्द कर दी गई है।

ये भी पढ़ें...मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 10 राज्यों को किया कवर, मुंबई में बारिश का अलर्ट

Tags:    

Similar News