हिमाचल चुनाव 2017 : माया के हाथी ने दी चुनाव में दस्तक

Update:2017-10-25 18:03 IST

शिमला : हिमाचल विधानसभा चुनाव में बसपा ने 68 में से 38 सीटों पर ताल ठोक दी है। लेकिन इनमें से मंडी जिले के नाचन से भगत राम का नामांकन रद्द हो गया। इसके बाद पार्टी के 37 सीटों पर उम्मीदवार बचे।

मजे की बात ये है, कि इस पहाड़ी राज्य में बसपा की कोई खास पहचान नहीं है। जहां कांग्रेस और बीजेपी प्रचार में जी जान से लगी है। वहीं बसपा सुप्रीमो मायावती या किसी अन्य बड़े नेता ने इस तरफ रुख नहीं किया है। कांगड़ा सहित मंडी, ऊना, हमीरपुर, शिमला, सिरमौर और कुल्लू से बसपा उम्मीदवार मैदान में हैं।

ये भी देखें: हिमाचल चुनाव : नेता जो लक्ष्मीदास से बन बैठे लक्ष्मीपति, देखें लिस्ट

कब आ रही हैं माया

पार्टी की एकमात्र स्टार प्रचारक मायावती की पांच नवंबर को कांगड़ा में चुनावी रैली प्रस्तावित है।

किस हाल में है हाथी

मायावती के नेत्रत्व वाली बसपा का यहां कोई काडर बेस नहीं है। जो भी चुनाव लड़ने मैदान में आता है, वो अपने व्यक्तिगत रिश्तों के बल पर ही मैदान मारने की फिराक में रहता है। हां! यदि माया कोई रैली कर देती हैं तो माहौल कुछ हद तक बन जाता है। इसका फायदा ये होता है कि उम्मीदवार लड़ाई को त्रिकोणीय बना पाने में सफल हो जाता है। बाकी बसपा यहां सिर्फ वोटकटवा तक ही सीमित है।

एक बार चखा जीत का स्वाद

वर्ष 2007 में हुए विधानसभा चुनावों में बसपा ने यहां पहला चुनाव लड़ा। शाहपुर के पूर्व विधायक मेजर विजय सिंह मनकोटिया सूबे में पहले बसपाई बने। मेजर को तो हार का सामना करना पड़ा लेकिन कांगड़ा से संजय चौधरी ने पार्टी का खाता खोल दिया था।

 

Tags:    

Similar News