Holi 2023: देशभर में धूमधाम से मनाया जा रहा होली का त्योहार, PM मोदी-CM योगी समेत इन नेताओं ने दी बधाई

Holi 2023: रंगों और गुलालों का त्योहार होली धूमधाम से मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ सहित कई राजनेताओं ने शुभकामनाएं दी हैं।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2023-03-08 09:13 GMT

पीएम मोदी (Social Media)

Holi 2023: रंगों और गुलालों का त्योहार होली आज देशभर में धूमधाम से मनाया जा रहा है। सड़कें, गलियां और मोहल्ले तरह-तरह के रंगों से नहाए हुए हैं। क्या बच्चे और क्या बड़े सभी होली के रंग में रंगे हैं। देशभर से होली खेलने की शानदार तस्वीरें और वीडियो सामने आ रहे हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा, होली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आप सभी के जीवन में हमेशा आनंद और उमंग का रंग बरसे। Wishing you all a happy and colourful Holi!

गृहमंत्री अमित शाह ने दी बधाई 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी ट्वीट कर लोगों को बधाई दी है। उन्होंने अपने बधाई संदेश में लिखा है, रंग, उमंग, हर्ष और उल्लास के त्योहार होली की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। खुशियों का यह त्योहार आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा का संचार करे।

राजनाथ सिंह के घर पर होली समारोह

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दिल्ली स्थित आवास पर होली समारोह आयोजित किया गया। जहां पर सिंह के अलावा विदेश मंत्री एस जयशंकर, केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू भी शामिल हुए। अमेरिकी सेक्रेटरी ऑफ कॉमर्स जीना रैमंडो ने भी रक्षा मंत्री के आवास पर होली मनाई। इस मौके पर उन्होंने ढ़ोल की थाप पर खूब डांस किया और होली की झांकी भी देखी।

CM योगी ने दी प्रदेशवासियों को बधाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होली अपने गृह जनपद गोरखपुर में मना रहे हैं। सीएम योगी ने होली के मौके पर प्रदेश वासियों को बधाई देते हुए कहा, प्रेम, उत्साह एवं बंधुत्व का प्रतीक पर्व होली आप सभी के जीवन को सुख, समृद्धि व नव उमंग के विविध रंगों से परिपूर्ण करे।

मायावती ने दी होली की शुभकामनाएं

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने ट्वीट कर होली की बधाई देशवासियों को दी है। उन्होंने अपने बधाई संदेश में लिखा, रंगों और उमंगों के त्योहार होली की समस्त देशवासियों तथा ख़ासकर उत्तर प्रदेश के सभी भाई-बहनों को बहुत-बहुत हार्दिक बधाई एवं सुख, शन्ति व सम्मान भरे जीवन की ढेरों शुभकामनायें।


Tags:    

Similar News