J-K Election Results : अयोध्या और बद्रीनाथ में हार के बाद वैष्णो देवी सीट ने बचाई लाज, BJP के बलदेव राज शर्मा जीते

J-K Election Results : जम्मू-कश्मीर के विधानसभा चुनाव में नेशनल कान्फ्रेंस और कांग्रेस के गठबंधन ने 49 सीटों पर जीत हासिल करके सरकार बनाने का दावा पुख्ता कर लिया है।

Report :  Anshuman Tiwari
Update:2024-10-08 18:47 IST

J-K Election Results : जम्मू-कश्मीर के विधानसभा चुनाव में नेशनल कान्फ्रेंस और कांग्रेस के गठबंधन ने 49 सीटों पर जीत हासिल करके सरकार बनाने का दावा पुख्ता कर लिया है। हालांकि भाजपा ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए राज्य की 29 सीटों पर जीत हासिल की है। लोकसभा चुनाव के दौरान अयोध्या वाली फैजाबाद सीट और उत्तराखंड की बद्रीनाथ सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद सबकी निगाहें जम्मू की श्री माता वैष्णो देवी सीट पर लगी हुई थीं।

इस सीट के चुनावी नतीजे पर पूरे देश की निगाहें लगी हुई थीं मगर विधानसभा चुनाव के दौरान इस सीट ने भाजपा की लाज बचा ली है। इस सीट पर भाजपा के बलदेव राज शर्मा को जीत हासिल हुई है। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी जुगल किशोर को हराकर यह जीत हासिल की है। हालांकि शर्मा को इस चुनाव में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा है।

अयोध्या में सपा ने दे दी थी भाजपा को पटखनी

इस साल लोकसभा चुनाव में भाजपा को फैजाबाद सीट पर हार का सामना करना पड़ा था। अयोध्या से जुड़ी फैजाबाद सीट पर भाजपा की हार पूरे देश में चर्चा का विषय बन गई थी। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अवधेश प्रसाद ने इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह को हराकर जीत हासिल की थी। मजबूत पकड़ के बावजूद लल्लू सिंह को हार का सामना करना पड़ा था। सपा मुखिया अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी अवधेश प्रसाद को मिली इस जीत की चर्चा कई बार कर चुके हैं।

भाजपा को पूरे देश में सियासी मजबूती दिलाने में अयोध्या मुद्दे का बड़ा हाथ रहा है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनने के बावजूद भाजपा को मिली यह हर काफी चौंकाने वाली थी। यही कारण था कि मीडिया और सोशल मीडिया में भाजपा की हार और अवधेश प्रसाद की जीत की खूब चर्चा हुई थी। लोकसभा चुनाव के दौरान अवधेश प्रसाद की यह जीत सबसे बड़ी जीत मानी गई थी।

बद्रीनाथ के उपचुनाव में भी झेलनी पड़ी थी हार

लोकसभा चुनाव के बाद उत्तराखंड में बद्रीनाथ सीट पर हुए उपचुनाव के दौरान भी भाजपा को करारा झटका लगा था। बद्रीनाथ सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र सिंह भंडारी को करीब 5000 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस प्रत्याशी लखपत सिंह ने उन्हें हराकर पूरे देश में सुर्खियां बटोरी थीं। बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को मिली यह हार भी पूरे देश में चर्चा का विषय बनी थी। उत्तराखंड में भाजपा की मजबूत पकड़ मानी जाती है और इस कारण पार्टी की इस हार पर सबको काफी हैरानी हुई थी।

वैष्णो देवी सीट पर जीत से बची भाजपा की लाज

इन दो महत्वपूर्ण सीटों पर मिली हार के बाद अब सबकी निगाहें जम्मू की श्री माता वैष्णो देवी सीट पर लगी हुई थीं। भाजपा ने इस सीट पर बलदेव राज शर्मा को चुनाव मैदान में उतारा था। शर्मा ने निर्दलीय उम्मीदवार जुगल किशोर को 1995 वोटों से हराकर जीत हासिल की है। इस तरह अयोध्या और बद्रीनाथ में मिली हार के बाद बलदेव राज शर्मा ने वैष्णो देवी सीट पर भाजपा की लाज बचा ली है। इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी भूपिंदर सिंह तीसरे नंबर पर रहे और उन्हें 5655 वोट मिले हैं।

जानकारों का कहना है कि बलदेव राज शर्मा ने जीत जरूर पाई है मगर उन्हें निर्दलीय प्रत्याशी जुगल किशोर से कड़ी चुनौती मिली है। भाजपा ने जम्मू-कश्मीर की 29 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की है जबकि नेशनल कान्फ्रेंस और कांग्रेस गठबंधन ने 49 सीटें जीतकर सरकार बनाने का दावा मजबूत बना लिया है। महबूबा मुफ्ती की अगुवाई वाली पीडीपी सिर्फ तीन सीटों पर सिमट गई है।

Tags:    

Similar News