बर्फीले तूफान का अलर्ट: होने वाला है भयानक हिमपात, सभी उड़ानें रद्द

भारी बर्फबारी के चलते कश्मीर के कई रास्ते बंद हैं। अब श्रीनगर से सभी उड़ानें भी रद्द कर दी गयी हैं। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीएमए) ने अलर्ट जारी किया है।

Update: 2021-01-06 05:41 GMT
घाटी के अधिकतर हिस्सों में बर्फबारी की वजह से सड़क और वायु संपर्क कट गया है। यहां तेजी से लगातार गिर रहे तापमान के साथ ही जवाहर सुरंग में 10 इंच तक की बर्फ जम गई है।

श्रीनगर: जम्मू कश्मीर में भारी हिमपात की चेतावनी जारी की गयी है। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के ऊंचाई वाले स्थानों पर हिमस्खलन होने की संभावना है। पूर्वानुमान के मद्देनजर श्रीनगर की सभी उड़ाने रद्द कर दी गयीं। वहीं कई क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया गया। बता दें कि प्रदेश में पहाड़ी इलाकों में दिसंबर से जमकर हिमपात हो रहा है। बर्फबारी के कारण पहाड़ों पर बर्फ जम चुकी है। इस कारण प्रदेश में नदियों के जलस्तर में भारी गिरावट है।

जम्मू कश्मीर में भारी हिमपात, बंद हुईं ये सड़कें

दरअसल, ठंड और कम तापमान के कारण जम्मू कश्मीर के मौसम में सर्दी बढ़ने के साथ लगातार हिमपात हो रहा है। यहां नदियों का जलस्तर कम हो चुका है। ऐसे में भारी बर्फबारी के चलते कश्मीर के कई रास्ते बंद हैं। श्रीनगर, बारामुला, अनंतनाग, कुलगाम, शोपियां, पुलवामा, आदि जिलों में बिजली व सड़क संपर्क बुरी तरह प्रभावित है।

ये भी पढ़ेंः बारिश-बर्फबारी से आफत: इन राज्यों में पड़ेगी हाड़ कंपाने वाली ठंड, जारी हुआ अलर्ट

श्रीनगर से सभी उड़ानें भी रद्द

बर्फबारी से सड़क मार्ग बंद होने के बाद अब श्रीनगर से सभी उड़ानें भी रद्द कर दी गयी हैं। जम्मू कश्मीर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीएमए) ने अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के पुंछ, राजौरी, रामबन, डोडा और बांदीपोरा जिलों के अधिक ऊंचाई वाले स्थानों के लिए हिमस्खलन की मध्यम स्तर की चेतावनी जारी की गई है। वहीं वाल्तेंगु नाद, जवाहर सुरंग के दक्षिणी एवं उत्तरी छोर, वेरीनाग, कपरान, चौकीबल-एनसी पास, गुरेज दवार और नीरू इलाकों के लिए भी अलर्ट किया गया है। हिमस्खलन संभावित इन इलाकों में रहने वाले लोगों को जान की सुरक्षा के लिए बाहर नहीं जाने की सलाह दी गई है।

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी, मैदानी क्षेत्रों में झमाझम बारिश

इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है, जबकि मैदानी इलाकों में झमाझम बारिश। बर्फबारी और हिमस्खलन अध्ययन प्रतिष्ठान मनाली (सासे) ने शिमला, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा जिले में हिमस्खलन को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को भी प्रदेश में बारिश-बर्फबारी का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है।

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Tags:    

Similar News