Jyotiraditya Scindia: गद्दारी के आरोप पर ज्योतिरादित्य का कांग्रेस को तीखा जवाब, पूछा सवाल - मेरे पिता और मुझे पार्टी में क्यों शामिल किया ?

Jyotiraditya Scindia News: मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सिंधिया राजघराने पर गद्दारी के आरोपों को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस की ओर से हाल में ग्वालियर में आयोजित बड़ी चुनावी सभा के दौरान सिंधिया राजघराने पर रानी लक्ष्मीबाई को धोखा देने का बड़ा आरोप लगाया गया था।

Update: 2023-07-23 04:51 GMT
Jyotiraditya Scindia News (Photo: Social Media)

Jyotiraditya Scindia News: मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सिंधिया राजघराने पर गद्दारी के आरोपों को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस की ओर से हाल में ग्वालियर में आयोजित बड़ी चुनावी सभा के दौरान सिंधिया राजघराने पर रानी लक्ष्मीबाई को धोखा देने का बड़ा आरोप लगाया गया था। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की ग्वालियर रैली से पहले शहर में लगाए गए पोस्टरों में भी सिंधिया घराने पर गद्दारी के आरोप लगाए गए थे।

अब इस मामले को लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने इतिहास का एक पन्ना भी नहीं पढ़ा है,उन्हें जो बोलना है वह बोलने दीजिए। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से कहा कि उन्हें इस सवाल का जवाब देना चाहिए कि उन्होंने मेरे पिता और मुझे आखिरकार पार्टी में शामिल क्यों किया था।

सिंधिया ने दिया कांग्रेस नेताओं को जवाब

मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस और भाजपा के बीच तीखे हमलों का दौर शुरू हो गया है। कांग्रेस की ओर से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर जमकर आरोप लगाए जा रहे हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया की अगुवाई में कई कांग्रेस विधायकों के पाला बदलने के कारण ही मध्यप्रदेश में कमलनाथ की सरकार गिर गई थी। यही कारण है कि कांग्रेस विधानसभा चुनाव से पहले ज्योतिरादित्य पर तीखे हमले कर रही है। सिंधिया राजघराने पर रानी लक्ष्मीबाई को धोखा देने का आरोप लगाया जा रहा है।

अब इस मुद्दे पर चुप्पी तोड़ते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी कांग्रेस नेताओं को जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि मेरे और परिवार के कर्म, विचार और विचारधारा, ग्वालियर, ग्वालियर संभाग, मध्य प्रदेश और देश के लिए समर्पित हैं। जिन लोगों ने इतिहास का एक भी पन्ना नहीं पढ़ा है,वे गलत टिप्पणी करने में जुटे हुए हैं। उन्हें जो बोलना है, वह बोलते रहें। अगर उन्हें इतनी ही चिंता है तो उन्होंने मेरे दिवंगत पिता और मुझे पार्टी में क्यों शामिल किया था। उल्लेखनीय है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया के पिता माधवराव सिंधिया भी लंबे समय तक कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शामिल थे।

ग्वालियर रैली में लगा था गद्दारी का आरोप

दरअसल कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने हाल में ग्वालियर में बड़ी रैली की थी। इस रैली के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सिंधिया घराने पर गद्दारी का आरोप लगाया था। विधानसभा में विपक्ष के नेता गोविंद सिंह ने सिंधिया घराने पर रानी लक्ष्मीबाई को धोखा देने का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि 1967 में इस घराने ने फिर कांग्रेस को निराश किया था। यह बात कहते हुए उन्होंने बिना नाम लिए हुए विजयाराजे सिंधिया की ओर इशारा किया था।
उन्होंने 2020 में कांग्रेस में हुई बगावत का जिक्र करते हुए कहा था कि 2020 में गद्दारी का इतिहास फिर दोहराया गया। 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके समर्थक विधायकों ने बगावत करते हुए भाजपा से हाथ मिला लिया था। इसी कारण राज्य में कमलनाथ की सरकार गिर गई थी।

रानी लक्ष्मीबाई को धोखा देने का दावा

कांग्रेस की ओर से लगाए गए इन आरोपों के कारण इन दिनों मध्य प्रदेश की सियासत गरमाई हुई है। प्रियंका की रैली से पूर्व ग्वालियर में कई स्थानों पर लगाए गए पोस्टर में भी सिंधिया घराने पर गद्दारी का आरोप लगाया गया था। इन पोस्टरों में 1857 के स्वाधीनता संग्राम के दौरान सिंधिया घराने पर रानी लक्ष्मीबाई को धोखा देने का बड़ा आरोप लगाया गया था। इसके साथ ही यह भी कहा गया था कि इस घराने ने 1967 और 2020 में कांग्रेस को भी धोखा दिया।

सियासी जानकारों का मानना है कि विधानसभा चुनाव नजदीक होने के कारण भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज हो गया है। दोनों पार्टियों के बीच इस बार कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में जीत हासिल करने के बाद कांग्रेस के हौसले बुलंद हैं और पार्टी मध्यप्रदेश में जीत हासिल करके भाजपा से पुराना हिसाब चुकाने की कोशिश में जुटी हुई है।

Tags:    

Similar News