Delhi Politics : उपराज्यपाल ने राष्ट्रपति को भेजा प्रस्ताव, जानिए सीएम पद की कब शपथ ले सकती हैं आतिशी?

Delhi Politics : दिल्ली के उपराज्यपाल ने नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण के लिए 21 सितंबर की तारीख प्रस्तावित की है।

Update:2024-09-18 15:43 IST

Delhi Politics : दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने बुधवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का इस्तीफा राष्ट्रपति को भेज दिया है। इसके साथ ही नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण की तारीख 21 सितंबर को प्रस्तावित की है। बता दें कि आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार (17 सितंबर, 2024) को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके साथ ही आप नेता आतिशी ने नई सरकार बनाने का दावा पेश किया था, हालांकि शपथ ग्रहण के लिए कोई तारीख नहीं मांगी थी।

आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री बनेंगी, हालांकि पार्टी की वह पहली महिला नेता है, जो इस पद को संभालेंगी। 21 सितंबर को प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह में उनके साथ कई मंत्रियों के भी शपथ लेने की संभावना है। शपथ ग्रहण समारोह में आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, सांसद संजय सिंह सहित कई नेता शामिल होंगे।

इनका मंत्री बनना तय

नई सरकार की कैबिनेट में शामिल होने वाले नेताओं की सूची तैयार हो रही है। सूत्रों की मानें तो केजरीवाल सरकार में रहे मंत्रियों को ही नई कैबिनेट में जगह मिलेगी। कैलाश गहलोत, गोपाल राय, सौरभ भारद्वाज और इमरान हुसैन का फिर से कैबिनेट मंत्री बनना लगभग तय है। इसके साथ ही जो पद रिक्त हुए हैं, उनकी जगह भरने के लिए नए नेताओं को शामिल किया जाएगा।  संवैधानिक रूप से दिल्ली में सात कैबिनेट मंत्री बन सकते हैं, ऐसे दो और विधायकों का मंत्री बनना तय है। 

नई रणनीति पर काम कर रही पार्टी 

सूत्रों की मानें तो हरियाणा चुनाव और दिल्ली में होने वाले आगामी चुनाव को देखते हुए आम आदमी पार्टी नई रणनीति पर काम कर रही है। कहा जा रहा है कि कैबिनेट में ऐसे नेताओं को जगह मिल सकती है, जिसका प्रभाव हरियाणा में भी देखने को मिले। हालांकि अभी यह नहीं कहा जा सकता है कि किसे कैबिनेट में शामिल किया जाएगा।

Tags:    

Similar News