Maharashtra Gram Panchayat Poll: ग्राम पंचायत चुनाव में BJP की 'बल्ले-बल्ले', शिवसेना के शिंदे गुट ने सबको चौंकाया

Maharashtra Gram Panchayat Poll: महाराष्ट्र ग्राम पंचायत चुनाव में बीजेपी ने सबसे ज्यादा सीटें हासिल की है। BJP ने 271 में 82 सीटें अपने नाम की। लेकिन, सबसे ज्यादा चौंकाने वाले परिणाम शिवसेना शिंदे गुट के रहे हैं।

Written By :  aman
Update: 2022-08-05 13:44 GMT

Maharashtra Gram Panchayat Election Result 2022

Maharashtra Gram Panchayat Poll: महाराष्ट्र के ग्राम पंचायत चुनाव रिजल्ट (Maharashtra Gram Panchayat Election Result) आ गए हैं। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। पंचायत चुनाव में कुल 271 में से 82 सीटें बीजेपी खाते में आई हैं। बीजेपी के बाद दूसरे नंबर पर शरद पवार का दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) रही। इस चुनाव में NCP को 53 सीटों पर सफलता मिली।

इस चुनाव में सबकी नजर शिवसेना के शिंदे गुट के प्रदर्शन पर टिकी थी। चुनाव परिणामों में तीसरे नंबर पर 39 सीटें लेकर शिवसेना का शिंदे गुट रहा। जबकि, चौथे स्थान पर उद्धव खेमा है, उसे 28 सीटें हासिल हुई। कांग्रेस पार्टी सबसे पीछे यानी पांचवें नंबर पर रही। कांग्रेस ने 22 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि अन्य के खाते में 47 सीटें आई। 

33 ग्राम पंचायतों में चुनाव निर्विरोध

आपको बता दें, कि महाराष्ट्र ग्राम पंचायत चुनाव कुल 271 सीटों के लिए लड़ा गया था। इनमें 33 ग्राम पंचायतों के लिए चुनाव पहले ही निर्विरोध हो चुके हैं। इसलिए शेष बचे 238 सीटों के लिए कल चुनाव हुए थे। इसी का आज चुनाव परिणाम आया। राजनीतिक पंडितों और मीडिया की खास नजर इस चुनाव पर थी। क्योंकि, महाराष्ट्र में सत्ता परिवर्तन के बाद यह कोई पहला चुनाव था। या यूं कहें कि, शिवसेना में फूट के बाद पहली बार शिंदे गुट और बीजेपी एक साथ किसी चुनाव में मैदान में उतरी थी।

बीजेपी-शिंदे गुट को मिली 122 सीटें 

अब अगर ताकत की बात करें तो बीजेपी-शिंदे गुट ने जहां 122 सीटों पर जीत हासिल की, वहीं महा विकास आघाडी (MVA) को 102 सीटों पर सफलता मिली। इस चुनाव में पहली बार शिंदे गुट और ठाकरे खेमा आमने-सामने था। लेकिन नतीजों से साफ जाहिर है कि, शिंदे गुट ने अच्छी सफलता हासिल की। 

मराठवाड़ा में शिंदे गुट का बेहतरीन प्रदर्शन

जहां तक शिंदे गुट की बात करें तो मराठवाड़ा क्षेत्र में इन्हें जबरदस्त कामयाबी मिली। धुले जिले (Dhule District) के कुल 52 सीटों में शिंदे गुट को 20 से अधिक सीटें हासिल हुई। जबकि, बीजेपी को 15, कांग्रेस को 10 तथा उद्धव ठाकरे खेमे की शिवसेना को महज तीन सीटें मिलीं। ऐसे ही औरंगाबाद में भी एकनाथ शिंदे वाले गुट का वर्चस्व दिखा। इस क्षेत्र की सीटों पर सबकी निगाहें इसलिए भी लगी हुई थीं, क्योंकि शिंदे गुट में शामिल होने वाले अधिकतर विधायक इसी इलाके से आते हैं। शिंदे गुट ने यहां वडगांव कोल्हाटी ग्राम पंचायत की 12 सीटों को जीतकर उद्धव खेमे को जबरदस्त झटका दिया है। इसी तरह, सिल्लोड के सभी 3 ग्राम पंचायतों पर शिंदे गुट का कब्जा रहा। पैठन तालुका के 7 में से 6 सीटों पर भी एकनाथ शिंदे गुट का कब्जा रहा। इसी तरह अन्य सीटों पर भी शिंदे गुट हावी रही। 

ठाकरे गुट से BJP को झटका, बावजूद नंबर वन

पूरे महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी पहले स्थान पर रही। मगर, उद्धव ठाकरे खेमे ने सोलापुर जिले (Solapur District) में बीजेपी को जोरदार झटका दिया है। यहां की 9 तालुका के 25 ग्राम पंचायतों के चुनाव परिणाम आए हैं जिनमें पहला रिजल्ट चिंचपूर से आया था। यहां बीजेपी नेता और पूर्व मंत्री सुभाष देशमुख (Subhash Deshmukh) का बोलबाला था। लेकिन, यहां सात में से सातों ग्राम पंचायतों में उद्धव ठाकरे खेमे के शिवसेना प्रत्याशी जीते। 

Tags:    

Similar News