51 लोगों का हत्यारा: भारत में घूमता रहा सरेआम, न्यूजीलैंड से आई रिपोर्ट

एक साल पहले न्यूजीलैंड में अंधाधुंध गोलीबारी कर 51 लोगों की हत्या करने वाला शख्स पूरे साल भर तक भारत में घूमता रहा है।

Update: 2021-01-04 09:44 GMT
51 लोगों का हत्यारा: भारत में घूमता रहा सरेआम, न्यूजीलैंड से आई रिपोर्ट (PC: social media)

लखनऊ: एक साल पहले न्यूजीलैंड में अंधाधुंध गोलीबारी कर 51 लोगों की हत्या करने वाला शख्स पूरे साल भर तक भारत में घूमता रहा है। गोवा, मुंबई, जयपुर समेत दर्जनों शहरों में घूमने के दौरान इस बेहद खतरनाक शख्स को कोई पहचान भी नहीं पाया और न उसकी हरकतों पर किसी को संदेह हुआ। न्यूजीलैंड पुलिस ने इस शख्स के बारे में भारत सरकार को सूचना दी है।

ये भी पढ़ें:श्मशान घाट हादसा: मायावती ने जताया दुःख, सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग

न्यूजीलैंड में 15 मार्च 2019 को ब्रेंटन टैरेंट नामक तीस साल के युवक ने सनसनी मचा दी थी

न्यूजीलैंड में 15 मार्च 2019 को ब्रेंटन टैरेंट नामक तीस साल के युवक ने सनसनी मचा दी थी। नफरत और बदले की भावना से भरे इस शख्स ने हैवानों को मात देने वाली अपनी हरकत से पूरी दुनिया को दहला दिया था। उसने न्यूजीलैंड के क्राइस्ट चर्च कस्बे की दो मस्जिदों में दोपहर की नमाज के लिए पहुंचे लोगों पर अंधाधुंध गोलीबारी की थी। इस वारदात में 51 लोगों की मौत हुई थी। न्यूजीलैंड समेत पूरी दुनिया को दहला देने वाला ब्रेंटन 2015 से 2016 तक भारत के विभिन्न शहरों में घूमता रहा। उसने गोवा में सबसे ज्यादा वक्त बिताया। मुंबई, जयपुर के अलावा दक्षिण भारत के कई छोटे शहरों में भी वह घूमता रहा।

ब्रेंटन के पास केवल पीठ पर लादने वाला बैग ही देखा गया था

अपनी भारत यात्रा के दौरान ब्रेंटन के पास केवल पीठ पर लादने वाला बैग ही देखा गया था। इसमें वह अपनी जरूरत की वस्तुएं रखता था और छोटे-छोटे होटलों में ठहरकर वक्त गुजारता रहा। उसने भारत में रहने के दौरान हमेशा भीड़-भाड़ वाले इलाकों में ही वक्त बिताया। ऐसे खतरनाक शख्स के भारत में मौजूद होने का अंदाजा भी खुफिया कर्मचारी नहीं लगा सके। विभिन्न पर्यटन स्थलों पर महीनों तक उसके मौजूद रहने के बावजूद किसी आम आदमी ने भी उसकी नफरत से भरी जेहादी मानसिकता पर शक नहीं किया। उत्तर भारत का केवल राजस्थान ही ऐसा प्रदेश है जहां उसे देखा गया था।

उसके बारे में न्यूजीलैंड से मिली जानकारी से हतप्रभ हैं

भारत सरकार के इंटेलीजेंस अधिकारी भी उसके बारे में न्यूजीलैंड से मिली जानकारी से हतप्रभ हैं। अधिकारियों ने मीडिया को बताया है कि टैरेंट के बारे में मिली जानकारी चौंकाने वाली है। उसका भारत में ऐसा कोई लिंक नहीं मिला है जो उसे नफरत भरे हमले के लिए प्रोत्साहित करने से जुड़ा हो। न्यूजीलैंड से मिली जानकारी के अनुसार वह भारत के अलावा संयुक्त अरब अमीरात और पाकिस्तान में लंबे समय तक घूमा है। भारत में ठहरने के लिए उसने हमेशा सस्ते होटलों का रुख किया । दक्षिण कोरिया और यूरोप में भी उसने भ्रमण किया है।

भारत नहीं यूरोप के मुसलमानों को देखकर नफरत से भर उठा था ब्रेंटन

नरसंहार करने के बाद पकड़े गए टैंरेंट ने अदालत में दिए अपने बयान कहा कि 2017 में यूरोप भ्रमण के दौरान उसे मुस्लिमों से सबसे ज्यादा नफरत हुई। इसके बाद ही उसने मुस्लिमों के सफाए का फैसला किया। उसके इस बयान से पता चलता है कि भारत के मुसलमानों के बीच रहने के बावजूद उसे मुसलमानों से ऐसी नफरत नहीं हुई कि वह उनका सफाया करने के बारे में सोचे।

ये भी पढ़ें:कृषि कानून पर सरकार और 40 किसान संगठनों के बीच 8वें दौर की बातचीत शुरू

यूरोप में मुसलमानों से मिलने और उनके व्यवहार व मानसिकता से रूबरू होने के बाद ब्रेंटन कैसे जहरीला बन गया। क्यों उसे मानवता से नफरत हो गई। यह तो ब्रेंटन ही बता सकता है लेकिन उसकी जेहादी मानसिकता ने दुनिया को बहुत बड़ा झटका दिया है। अब ब्रैंटन को न्यूजीलैंड में आजीवन कारावास की सजा दी गई है लेकिन उसके बारे में जानने वाले यह सोच कर हैरत में हैं कि इतनी खतरनाक मानसिकता वाला शख्स देश में घूमता रहा और किसी को भनक भी नहीं लगी।

रिपोर्ट- अखिलेश तिवारी

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Tags:    

Similar News