NIA Action: लश्कर का आतंकी शोएब मिर्जा उर्फ छोटू गिरफ्तार, रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट से है कनेक्शन

NIA Action: एनआईए ने रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी शोएब अहमद मिर्जा उर्फ ​​छोटू को गिरफ्तार किया है। इस मामले में यह 5वीं गिरफ्तारी है।

Report :  Aniket Gupta
Update: 2024-05-24 15:27 GMT

NIA Action: एनआईए ने आज यानी शुक्रवार को रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट केस में चार राज्यों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करने के बाद एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आरोपी का नाम शोएब अहमद मिर्जा उर्फ ​​छोटू है। वह कर्नाटक के हुबली शहर का निवासी बताया जा रहा है। बता दें, रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट केस में यह पांचवी गिरफ्तारी है। एनआईए की जांच में पाया गया था कि शोएब मिर्जा पहले लश्कर-ए-तैयबा बेंगलुरु मामले में दोषी ठहराया गया था। जेल से छूटने के बाद एक नई साजिश में शामिल हो गया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अहमद मिर्जा ने 2018 में अब्दुल मथीन ताहा को एक ऑनलाइन हैंडलर से मिलवाया, जिसके विदेश में होने का संदेह था।

रामेश्वरम कैफे में ब्लास्ट

बता दें, 1 मार्च को बेंगलुरु के ब्रुकफील्ड में एक आईईडी ब्लास्ट हुआ था। इसमें कैफे में मौजूद कई ग्राहक और स्टाफ घायल हो गए। इस ब्लास्ट की जांच के दौरान एनआईए ने पूरे देश में अलग-अलग 29 जगहों पर छापेमारी की। एनआईए ने 3 मार्च को यह मामला अपने हाथों में लिया। 12 अप्रैल को एनआईए ने दो मुख्य संदिग्धों अब्दुल मथीन अहमद ताहा और मुसाविर हुसैन शाजिब को कोलकाता से उनके ठिकाने से गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, यहां वे पहचान छिपा कर रह रहे थे। दोनों संदिग्ध कर्नाटक के शिवमोगा जिले के तीर्थहल्ली के रहने वाले थे।

फिर खुला रामेश्वरम कैफे

एनआईए की जांच लगातार जारी है। रामेश्वरम कैफे में हुए धमाके के बाद लोगों में डर का माहौल पैदा हो गया था। हालांकि, अब हालात धीरे धीरे फिर से सामान्य हो गए हैं। कड़ी सुरक्षा के बाद रामेश्वरम कैफे को दोबारा से शुर कर दिया गया था। बता दें, अब गेट पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं और ग्राहकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हैंडहेल्ड डिटेक्टरों का इस्तेमाल किया जाता है।

Tags:    

Similar News