पीएम मोदी का मॉस्को में भव्य स्वागत, भारत-रूस शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा

PM Modi in Russia : पीएम नरेंद्र मोदी रूस की राजधानी मॉस्को पहुंच गए हैं। एक बैठक के बाद वे राष्ट्रपति पुतिन के साथ रात्रिभोज में शामिल होंगे। मॉस्को पहुंचने पर पीएम मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पीएम मोदी 22वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

Newstrack :  Network
Update:2024-07-08 19:09 IST

PM Modi in Russia : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 साल बाद दो दिवसीय रूस दौरे पर हैं। उनका रूस की राजधानी मॉस्को में वनुकोवो-2 इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान रूसी सेना ने भारतीय राष्ट्रगान की धुन बजाई। रुस के उप प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव ने पीएम मोदी का स्वागत किया। इसके बाद पीएम मोदी को मंटुरोव अपनी कार से कार्लटन होटल ले गए। यहां पर भारतीय समुदाय के लोगों ने पीएम मोदी का स्वागत किया।

आज पीएम मोदी, रूस के राष्ट्रपति पुतिन के साथ एक बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद दोनों नेता प्राइवेट डिनर करेंगे। बता दें कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पीएम मोदी को आमंत्रित किया है। दोनों नेता 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। शिखर सम्मेलन के दौरान द्विपक्षीय मुद्दों पर बात होगी। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ उनकी रक्षा और ऊर्जा क्षेत्र में व्यापार बढ़ाने पर बातचीत होगी। रूस के दौरे के बाद प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रिया भी जाएंगे।

यूक्रेन जंग के बाद रूस का दौरा कर रहे हैं पीएम मोदी

बता दें कि यह पहला मौका होगा जब प्रधानमंत्री मोदी यूक्रेन जंग के बाद रूस का दौरा कर रहे हैं। इससे पहले वे 2019 में रूस गए थे। मोदी और व्लादिमिर पुतिन की आखिरी मुलाकात 2022 में उज्बेकिस्तान की राजधानी समरकंद में SCO समिट के दौरान हुई थी। पुतिन 2023 में भारत में हुए जी-20 सम्मेलन के लिए नहीं आए थे। पीएम मोदी ने इस दौरे से पहले भारत-रूस के संबंधों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी पिछले दस वर्षों में आगे बढ़ी है। मॉस्को दौरे से पहले पीएम मोदी ने कहा, "मैं अपने मित्र राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा करने के लिए उत्सुक हूं।" रूस के अलावा पीएम मोदी ऑस्ट्रिया दौरे पर भी जाएंगे। उन्होंने ऑस्ट्रिया को भारत का दृढ़ और विश्वसनीय भागीदार बताया। पीएम मोदी ने कहा, 'हम लोकतंत्र के आदर्शों को साझा करते हैं। मैं नए क्षेत्रों में हमारी साझेदारी को और अधिक ऊंचाइयों तक ले जाने की आशा करता हूं।'

Tags:    

Similar News