Rahul Gandhi PC Live: मोदी सरकार ने 8 साल में लोकतंत्र को बर्बाद कर दिया, बोले- राहुल गांधी

Rahul Gandhi PC Live: कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी सरकार ने अपने 8 साल के कार्यकाल में लोकतंत्र को बर्बाद कर दिया है।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2022-08-05 05:07 GMT

राहुल गांधी (photo: social media ) 

Rahul Gandhi PC Live: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर जोरदार हमला बोला है। वायनाड सांसद ने कहा कि हिंदुस्तान में लोकतंत्र की हत्या हो चुकी है। आज इस देश में लोकतंत्र नहीं है। देश में आज चार लोगों की तानाशाही चल रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी सरकार ने अपने 8 साल के कार्यकाल में लोकतंत्र को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने ये बातें नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कही।

राहुल गांधी ने कहा कि हम महंगाई और लोगों को जिस तरह से बांटा जा रहा है, उसपर बोलना चाहते हैं। लेकिन संसद में हमें बोलने नहीं दिया जाता। आज हिंदुस्तान की हालत ये है कि जो विरोध करता है उसे गिरफ्तार कर लिया जाता है। कांग्रेस सांसद ने कहा क्या आप तानाशाही का मजा ले रहे हैं, यहां रोज लोकतंत्र की हत्या हो रही है।

हर संस्थान में संघ का आदमी

केरल के वायनाड से लोकसभा सांसद राहुल गांधी ने इस दौरान सत्ताधारी बीजेपी के पितृ संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर भी निशाना। उन्होंने कहा कि आज देश के हर संस्थान में संघ के आदमी को बैठा दिया गया है। जब हमारी सरकार होती थी, तब इंफ्रास्ट्रक्चर न्यूट्रल होता था। हम उसमें दखल नहीं देते थे। लेकिन आज जो भी मौजूदा सरकार के खिलाफ कुछ बोलता है उसके खिलाफ जांच एजेंसियों को लगा दिया जाता है। आज देश का कोई भी संस्थान स्वतंत्र और निष्पक्ष नहीं है।

मोदी सरकार केवल झूठ बोलती है

राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हर मसले पर देश की जनता से झूठ बोलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, सरकार आज महंगाई और बेरोजगारी से डरती है। ये आज देश की हालत स डरते हैं क्योंकि उन्होंने जो वादा किया था, उसे नहीं निभाया। ये लोग झूठ बोलते हैं कि बेरोजगारी नहीं है, महंगाई नहीं है, चीन नहीं आया है क्योंकि जनता की शक्ति से ये डरते हैं। इसलिए 24 घंटे झूठ बोलते रहते हैं।

राहुल गांधी बोले – मैं डरने वाला नहीं

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मैं बेरोजगारी पर बोलता हूं, मैं महंगाई पर बोलता हूं, मैं सच बोलता हूं, इसलिए मेरे पीछे जांच एजेंसियों को लगा दिया गया है। लेकिन मैं इससे नहीं डरता हूं। मैं जितना सच बोलूंगा, उतने आक्रमण अधिक होंगे।

बता दें कि कांग्रेस आज महंगाई, बेरोजगारी, जीएसटी और जांच एजेंसी के दुरूपयोग के मुद्दे पर देशभर में प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस के सांसद सुबह 11 बजे महंगाई के मसले पर संसद भवन से राष्ट्रपति भवन की तरफ मार्च करेंगे। कांग्रेस ने राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा है लेकिन अभी तक समय नहीं दिया गया है। कांग्रेस कार्यकर्ता पीएम आवास का घेराव भी करेंगे। प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर के इलाके को छोड़कर पूरी नई दिल्ली में धारा – 144 लगा दी गई है। दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस को प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी है। 

Tags:    

Similar News